Landslide: भरमौर-पठानकोट हाईवे पर गिरीं चट्टानें, थम गए वाहनों के पहिये

भरमौर-पठानकोट नेशनल हाईवे बग्गा के पास भारी भरकम चट्टानें गिरने से सुबह 6 बजे यातायात के लिए अवरुद्ध हो गया।

चट्टानें गिरने से बाधित भरमौर-पठानकोट हाईवे।

चंबा जिले में देररात हुई भारी बारिश से काफी नुकसान हुआ है। जिला मुख्यालय के साथ लगते सुल्तानपुर मोहल्ले में लोगों के घरों और निजी शिक्षण संस्थान में कीचड़ और मलबा घुस गया। वहीं, भरमौर-पठानकोट नेशनल हाईवे बग्गा के पास भारी भरकम चट्टानें गिरने से सुबह 6 बजे यातायात के लिए अवरुद्ध हो गया। हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थमने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची विभागीय मशीनरी ने सुबह 7 बजे यातायात के लिए मार्ग को बहाल करवाया। जिले में लोक निर्माण मंडल डलहौजी में 6 मार्ग, चंबा में 12, तीसा में 11 और सलूणी में 6 मार्गों पर यातायात थम गया। बंद पड़े सड़क मार्गों को विभागीय मशीनरी और लेबर यातायात के लिए बहाल करने में कड़ी मशक्कत के साथ जुटी रही। एनएच मंडल चंबा के अधिशासी अभियंता संजीव महाजन ने बताया कि भरमौर-पठानकोट हाईवे एक घंटे के भीतर बहाल कर दिया गया।

चूलिंग नाला में बाढ़, 20 यात्रियों को किया रेस्क्यू 
जनजातीय क्षेत्र लाहौल के चूलिंग नाला में शुक्रवार को भारी बारिश से बाढ़ आ गई है। इससे केलांग-उदयपुर मार्ग अवरुद्ध हो गया है। नाले में बाढ़ आने से यहां फंसे 20 यात्रियों को पुलिस की मदद से सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। पुलिस अधीक्षक लाहौल-स्पीति मानव वर्मा ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 6:00 बजे अचानक तेज बारिश के कारण चूलिंग नाला में जलस्तर का बहाव बढ़ने से बाढ़ आ गई। बाढ़ से केलांग से उदयपुर तक यातायात बंद हो गया है।

बाढ़ की सूचना मिलते ही पुलिस ने बचाव कार्य शुरू कर रवाना हुए लोगों को रेस्क्यू किया और सुरक्षित स्थानों में रूकने की व्यवस्था की गई। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह नदी नालों की तरफ न जाएं और अनावश्यक यात्रा करने से बचें। उधर, 20 जुलाई को हुई भारी बारिश के कारण उदयपुर -तांदी मार्ग शुक्रवार दोपहर बाद यातायात के लिए खुल गया है। सीमा सड़क संगठन ने दरेड नाले में वैकल्पिक मार्ग बना कर लोगों को राहत दी है। 

नाहन, शिमला में बूंदाबांदी, अन्य जिलों में मौसम साफ
प्रदेश में शुक्रवार को मौसम मिलाजुला बना रहा। नाहन और शिमला में ही शुक्रवार को बारिश हुई। अन्य जिलों में मानसून कमजोर रहा।  मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शनिवार को प्रदेश के कई क्षेत्रों में बादल बरसने का पूर्वानुमान जताया है।