भूस्खलन से तांदी-संसारी मार्ग अवरुद्ध, बीआरओ सड़क बहाली में जुटा

तिंदी से पांगी की ओर करीब 2 किलोमीटर दूर भारी भूस्खलन होने से मार्ग बंद हो गया है। मंगलवार सुबह भूस्खलन होने से बंद हुई सड़क के चलते मनाली-पांगी और किलाड़ जा रहे लोग रास्ते में फंस गए। बीआरओ सुबह से सड़क बहाली में जुटा हुआ है। इस वर्ष बीआरओ ने इस मार्ग को डबललेन बनाने का भी काम शुरू किया है। तांदी-संसारी मार्ग पर कई दिनों से बीआरओ को कभी हिमस्खलन तो कभी भूस्खलन की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, वहीं किलाड़ से मनाली आने-जाने वाले लोगों को भी दिक्कत हो रही है। हालांकि लाहौल-स्पीति पुलिस व आपदा प्रबंधन लोगों को जानकारी दे रहे हैं लेकिन उदयपुर से किलाड़ जाने वाले यात्रियों को पिछले कई दिनों से इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है। बीआरओ कमांडर कर्नल शबरिश वाचली का कहना है कि भूस्खलन को हटाया जा रहा है तथा जल्द ही मार्ग बहाल कर लिया जाएगा।