विजय देवरकोंडा के लिए फैंस की दीवानगी ने एक बार फिर हद पार कर दी। ‘लाइगर’ के ट्रेलर लॉन्च पर फैंस ने एक्टर का 75 फीट ऊंचा कट आउट लगाकर उसे दूध से नहलाया और मालाएं पहनाईं। फैंस पहले भी कई साउथ एक्टर्स के तगड़े कट आउट लगा चुके हैं।

फैंस ने विजय देवरकोंडा के 75 फीट ऊंचे कट आउट को दूध से नहलाया
पिछले साल यानी 2021 में जब ‘लाइगर’ का पोस्टर रिलीज किया गया था तब भी फैंस ने उसे दूध से नहलाया था और आरती उतारी थी। फैंस ने तब Vijay Deverakonda के लिए दीवानगी की सारी हदें पार कर दी थीं। अब उन्होंने Liger Trailer Launch के लिए हैदराबाद के एक थिएटर के बाहर फैंस ने विजय देवरकोंडा का 75फीट ऊंचा कट आउट लगाया। इस कट आउट में विजय देवरकोंडा तिरंगे को फ्लॉन्ट करते नजर आ रहे हैं। यह कट आउट एक्टर के ‘लाइगर’ के एक सीन से बनाया गया। इस फिल्म में विजय देवरकोंडा एमए किक बॉक्सर के रोल में हैं।

‘लाइगर’ 25 अगस्त को रिलीज होगी। पुरी जगन्नाथ के निर्देशन में बनी इस फिल्म से विजय देवरकोंडा बॉलीवुड में डेब्यू कर रहे हैं। वहीं अनन्या पांडे इस फिल्म के जरिए तेलुगू सिनेमा में डेब्यू कर रही हैं। Liger में ‘बाहुबली’ की शिवगामी यानी राम्या कृष्णन भी हैं। विजय देवरकोंडा के इतने बड़े कट आउट को फैंस ने दूध से नहलाया और साथ में मालाएं भी पहनाईं।

साउथ स्टार्स के लिए फैंस की अलग ही दीवानगी
साउथ इंडियन फिल्म इंडस्ट्री में एक्टर्स के लिए फैंस का प्यार एक अलग ही लेवल पर देखने को मिलता है। कभी फैंस अपने स्टार्स के कट आउट को दूध से नहलाते हैं तो कभी उनके नाम पर मंदिर और मूर्ति तक बनवा देते हैं। लोगों ने साउथ में खुशबू सुंदर तक का मंदिर बनवा दिया था।

एक्टर सूर्या का बना था दुनिया का सबसे ऊंचा कट आउट, ‘रॉकी भाई’ भी शामिल
वहीं 2019 में एक्टर सूर्या की फिल्म Nandha Gopalan Kumaran की जबरदस्त सफलता का जश्न मनाने के लिए फैंस ने एक्टर का 215 फीट ऊंचा कट आउट लगाया था। जबकि 2017 में मद्रास हाई कोर्ट ने इस तरह के पोस्टर्स लगाने पर बैन लगा दिया था। इसी तरह फिल्म ‘केजीएफ’ के स्टार रॉकी भाई यानी यश का भी लंबा-चौड़ा कट आउट लगाया गया था।

इससे पहले 2017 में फैंस ने महेश बाबू का 90 फीट ऊंचा कट आउट लगा दिया था। इस पर जब पुलिस ने आपत्ति दर्ज करवाई तो एक फैन ने कथित रूप से सुसाइड करने की कोशिश की थी।