इंदौर में लिवर, भोपाल में किडनी और अहमदाबाद में धड़केगा दिल… जाते-जाते अनमोल ने कइयों की जिंदगी कर दी रौशन

Brain Dead Anmol Organ Donation: भोपाल के अनमोल का सड़क हादसे के बाद ब्रेन डेड हो गया था। ब्रेन डेड के बाद परिजनों ने उसके ऑर्गन को डोनेट करने का फैसला किया। अलग-अलग जगहों पर ऑर्गन को पहुंचाने के लिए भोपाल में तीन ग्रीन कॉरिडोर बना है।

bhopal brain dead organ donation
भोपाल में ब्रेन डेड युवक का अंगदान

भोपाल: 23 साल के अनमोल (Bhopal anmol brain dead) ने इस दुनिया से जाते-जाते तीन लोगों की जिंदगी रौशन कर दी है। भोपाल के रहने वाले अनमोल एक सड़क हादसे का शिकार हो गए थे। इसके बाद अनमोल का ब्रेन डेड हो गया था। ब्रेन डेन के बाद परिजनों ने अंगदान करने का फैसला किया था। इसके बाद सोमवार को भोपाल में ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया। लिवर को इंदौर, किडनी को भोपाल और दिल को अहमदाबाद पहुंचाया गया। परिवार के लोगों ने अनमोल के निधन के बाद अंगदान का फैसला किया था।

वहीं, अनमोल के आई और स्किन को हमीदिया अस्पताल में भर्ती दो मरीज को दिया गया है। पहली बार इन अंगों को पहुंचाने के लिए भोपाल में तीन ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया था। पुलिस अफसरों की मौजूदगी में भोपाल में सुबह नौ बजे ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया था। इसकी कमान सीनियर पुलिस अधिकारियों और जवानों ने संभाल रखी थी। सभी अंगों को जरूरतमंदों तक अस्पताल में पहुंचा दिया गया है।

17 नवंबर को हुआ था एक्सीडेंट
भोपाल स्थित नेहरू नगर के रहने वाले अनमोल का 17 नवंबर को एक्सीडेंट हुआ था। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां दो दिन पहले डॉक्टरों की टीम ने ब्रेन डेड घोषित कर दिया था। इसके बाद परिजनों ने अंगदान करने का फैसला लिया था। युवक की एक किडनी रेडक्रॉस स्थित भर्ती एक मरीज को दी गई है। वहीं, दूसरा मरीज चिरायु में है।

वहीं, लिवर को इंदौर के चोइथराम अस्पताल में भेजा गया है। इसके लिए 203 किमी लंबा ग्रीन कॉरिडोर बना था। दिल अहमदाबाद में प्लेन से भेजा गया है। लंग्स को लेकर अभी कोई रिसीवर नहीं मिला है। परिजनों ने बताया कि सड़क हादसे में अनमोल के सिर में गंभीर चोट लगी थी। 25 नवंबर को उसकी स्थिति गंभीर हो गई और बॉडी ने रिस्पांस करना बंद कर दिया था। 26 नवंबर को डॉक्टरों ने कहा कि वेंटिलेटर पर उसकी सांसें चलती रहेंगी लेकिन ब्रेन डेन रहेगा।

इसके बाद परिवार के लोगों ने आपस में बात की और अंगदान करने का फैसला किया। सोमवार को उसके ऑर्गन जरूरतमंदों को भेज दिए गए। अनमोल ने जाते-जाते कई लोगों की जिंदगी रौशन कर दी है।