अगस्त के पहले दिन महंगाई के मोर्चे पर अच्छी खबर आई है। 19 किलो वाला कमर्शियल गैस सिलेंडर (Commercial gas cylinder) आज से 36 रुपये सस्ता हो गया है। लगातार दूसरे महीने कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में कमी की गई है। इससे पहले एक जून को इसकी कीमत में 135 रुपये की कटौती की गई थी।

कोलकाता में 19 किलो वाला सिलेंडर पहले 2132.00 रुपये में मिलता था, लेकिन एक अगस्त यानी आज से यह 2095.50 रुपये में मिल रहा है। वहीं देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत घटकर 1936.50 और चेन्नई में 2141 रुपये रह गई है। हालांकि 14.2 किलो वाले सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इसकी कीमत में छह जुलाई को 50 रुपये का इजाफा हुआ था। दिल्ली में 14.2 किलो वाला घरेलू एलपीजी सिलेंडर 1053 रुपये, मुंबई में 1052.50 रुपये, कोलकाता में 1079 रुपये और चेन्नई में 1068.50 रुपये में मिल रहा है। मई में इसकी कीमत दो बार बढ़ी थी। सात मई को रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 50 रुपये बढ़ाई गई थी।

कहां तक पहुंच गया था कमर्शियल सिलेंडर
इससे पहले एक अप्रैल को 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम में भारी बढ़ोतरी हुई थी। उस दिन इसका दाम 249.50 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़ा था। इसके बाद दिल्ली में इस सिलेंडर का दाम 2253 रुपये हो गया था। इसके बाद एक मई 2022 को भी कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर के भाव में 104 रुपये प्रति सिलेंडर का इजाफा कर दिया था। उसके बाद 19 किलो वाले वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर का दाम बढ़कर 2,355 रुपये प्रति सिलेंडर पहुंच गया था।
कच्चे तेल की कीमत
रूस और यूक्रेन के बीच चल रही जंग के कारण अंतराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमत में काफी उछाल आई थी। एक समय यह 139 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया था। इस कारण दुनियाभर में ईंधन की कीमत रेकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी। हालांकि हाल के दिनों में इसमें गिरावट आई है और अभी यह 100 डॉलर के आसपास ट्रेड कर रहा है। सोमवार को ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स (Brent crude futures) 1.1 फीसदी यानी 1.19 डॉलर की गिरावट के साथ 102.78 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा था। यूएस वेस्ट टेक्सस इंटरमीडिएट क्रूड (U.S. West Texas Intermediate crude) भी 1.5 फीसदी गिरावट के साथ 97.19 डॉलर प्रति बैरल पर है।