लंपी वायरस तो शांत लेकिन कांग्रेस है अशांत : कंवर

हमीरपुर : पंचायती राज, पशुपालन एवं कृषि मंत्री वीरेन्द्र कंवर ने कांगेस के बयानों पर करारा जबाव देते हुए कहा कि प्रदेश में लंपी वायरस तो शांत है, लेकिन कांग्रेसी इन दिनों अशांत हैं। कंवर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बड़ी तत्परता के साथ विभाग व कर्मचारियों को निर्देश दिए, जिसके तहत बहुत बढिय़ा काम किया गया है और पशुओं को वैक्सीन लगाने के लिए अच्छा काम होने से प्रदेश में बीमारी पर काबू पाया जा रहा है। उनका कहना था कि कांग्रेस के लोग आपदा में सहयोग और मदद की बजाय राजनीति कर रहे हैं। कांग्रेस शासित प्रदेशों में हालात खराब हैं और वहां पर बीमारी नियंत्रण में नहीं है। इन राज्यों में पशु सड़कों पर मर रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के बयानों पर वीरेन्द्र कंवर ने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के केंद्रीय नेतृत्व से तार टूट चुके हैं। हिमाचल में कांग्रेस में जो दिख रहा है, उससे कांग्रेस हाईकमान भी खुश नहीं है और कांग्रेस चुनावी लड़ाई लडऩे के हालात में नहीं है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में चुनावों के बाद कांग्रेस महज इतिहास बनकर रह जाएगी। राजस्थान में भी कांग्रेस बिखराव की तरफ है। जल्द ही पूरा देश कांग्रेस मुक्त होने जा रहा है।