चंद्र ग्रहण 2022: इन राशियों की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, बचने के लिए करें ये उपाय

वृश्चिक राशि के जातकों को कर सकता है प्रभावित

16 मई, 2022 को चंद्र ग्रहण लगने वाला है। इस चंद्र ग्रहण को ज्योतिष की दृष्टि से अहम माना जा रहा है। ज्योतिष शास्त्र में चंद्र ग्रहण को शुभ खगोलीय घटना नहीं माना जाता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, चंद्र ग्रहण के दौरान चंद्रमा पीड़ित हो जाते हैं, जिसका सबसे ज्यादा प्रभाव मनुष्य पर पड़ता है।

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, चंद्रमा को एक जलीय ग्रह माना गया है और इसे मन का कारक भी कहा गया है। चंद्रमा को पश्चिम दिशा का स्वामी बताया गया है। कहा जाता है कि सभी प्रकार के तरल पदार्थ चंद्रमा के अधीन हैं। कर्क राशि में चंद्रमा को उच्च और वृश्चिक राशि में नीच माना जाता है। इस बार चंद्र ग्रहण वृश्चिक राशि में लगने जा रहा है। इस राशि के अलावा ये ग्रहण कुछ और राशियों पर भी प्रभाव डाल सकता है।

सबसे पहले बात करते हैं वृश्चिक (Scorpio) राशि की। इस साल ये ग्रहण वृश्चिक राशि में लग रहा है इसलिए इसका सबसे ज्यादा प्रभाव इसी राशि को होने जा रहा है। इस दौरान वृश्चिक राशि के जातकों को कुछ कष्टों का सामना करना पड़ सकता है और इनके प्रतिद्वंदी इनको परेशान कर सकते हैं। इससे वृश्चिक राशि के जातकों का लाभ भी प्रभावित हो सकता है। इस दिन वृश्चिक राशि के लोगों को छवि को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है। ध्यान रहें कि ऐसे लोगों से बचें जो अपने नियमों का पालन नहीं करते हैं और स्वार्थी होते हैं। कोई भी फैसला लेने से पहले अच्छी तरह से जांच-पड़ताल कर लें। इस दिन आपको जीवनसाथी की सलाह भी काम आ सकती है।

वहीं, वृषभ (Taurus) राशि के जातकों पर भी इस ग्रहण का असर पड़ सकता है। चंद्र ग्रहण के बाद इस राशि के जातकों के जीवन में कुछ समय के लिए उथल-पुथल की स्थिति बन सकती है। बिजनेस, नौकरी और करियर के क्षेत्र में कुछ रुकावट महसूस कर सकते हैं। इसके अलावा धन संबंधी मामलों में भी मनचाहा लाभ पाने की संभावना कम रहेगी। इस राशि के जातकों को अपनी सेहत पर भी ध्यान देना होगा और सावधानी बरतनी होगी।

चंद्र ग्रहण का असर कन्या (Virgo) राशि के जातकों पर भी पड़ सकता है। इस राशि के जातकों को नजदीकी संबंधों में कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए बड़े भाई-बहनों से संबंध मधुर रखने की कोशिश करें। इसके अलावा धन का नुकसान भी हो सकता है और ये स्थिति आपके दांपत्य जीवन को प्रभावित कर सकती है। इस राशि के जातकों में मानसिक तनाव और अज्ञात भय के कारण आत्मविश्वास में भी कमी आ सकती है। इस राशि के जातकों को धैर्य और संयम बरतने की जरूरत है।

ऐसे करें उपाय

इस साल चंद्र ग्रहण 16 मई को लग रहा है। 16 मई को सोमवार है और सोमवार का दिन भगवान शिव को समर्पित है। इस दिन भगवान शिव की पूजा करने और श्वेत चीजों का दान करने से चंद्र ग्रहण के बुरे प्रभावों से बचा जा सकता है।