महाशिवरात्रि महोत्सव : जोरों पर तैयारियां, सजने लगा ऐतिहासिक पड्डल मैदान

 हिमाचल प्रदेश के मंडी में 19 से 25 फरवरी तक मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव व देवता मेले को लेकर तैयारियां जोरों पर चली हुई हैं। शहर के ऐतिहासिक पड्डल मैदान और सेरी मंच सजने लगे हैं। वहीं शुक्रवार से देवी-देवताओं का मंडी पहुंचने का सिलसिला भी शुरू हो जाएगा। देवता सबसे पहले मंडी के राजा राज माधव राय से मिलेंगे। उसके बाद शिवरात्रि महोत्सव में 7 दिनों तक भाग लेंगे।

वहीं, पड्डल मैदान में पंडाल लग चुके हैं, बाहर दुकानों सजने लग गई हैं। मैदान में झूले आदि भी लगाए जा रहे हैं। प्रशासन मंडी और व्यापारी पूरे जोर शोर से तैयारियों में जुटे हैं। वहीं आज मंडी के बड़ा देव कमरूनाग भी मंडी पहुंचेंगे और मेले की शोभा बढ़ाएंगे। इसके बाद अन्य देवी देवताओं का मंडी आने का क्रम कल शाम तक जारी रहेगा, जिसके बाद रविवार 19 को प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू मंडी के अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ करेंगे।

इस दौरान राज माधव राय के अगुवाई में भव्य जलेब भी निकाली जाएगी, जिसमें मंडी की देव संस्कृति की झलक सभी को देखने को मिलेगी। पूरे शहर में ही महोत्सव को लेकर सभी प्रकार की तैयारियों को लगभग अब अंतिम रूप दिया जा रहा है।