मंडी : सार्वजनिक तौर पर सबसे माफी मांगे व इस्तीफा दें प्रतिभा सिंह -महिला मोर्चा

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष व मंडी से सांसद प्रतिभा सिंह बहुचर्चित गुड़िया रेप कांड को छोटी घटना कहने के अपने बयानों पर लगातार घिरती नजर आ रहीं हैं। इसी के चलते प्रदेश भर में महिला भाजपा के प्रतिभा सिंह के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए राज्यपाल को इसकी शिकायत भेजी है।

इसी कड़ी में मंडी जिला महिला भाजपा ने भी राज्यपाल को इस बारे में जिला उपायुक्त मंडी अरिंदम चौधरी के माध्यम से एक ज्ञापन भेजा। इसके साथ ही भाजपा जिला महिला मोर्चा ने सांसद को चेतावनी दी है कि अगर गुड़िया रेप कांड को छोटी घटना बताने के बयान पर सार्वजनिक तौर पर मांफी नहीं मांगती हैं तो पूरे प्रदेश में उनके खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा मंडी की अध्यक्ष सुमन ठाकुर ने कहा कि इतने बड़े पद पर एक महिला ही इस प्रकार की बयानबाजी भरी सभा में करे तो यह निंदनीय है।

उन्होंने कहा कि इस बयान को लेकर सांसद प्रतिभा सिंह सांसद पद से तो इस्तीफा दे ही लेकिन वे साथ में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष के पद से भी तुरंत इस्तीफा दें। उन्होंने कहा कि प्रतिभा सिंह का दिया गया यह बयान महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला है जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह माफी नहीं मांगती है तो महिला मोर्चा के द्वारा पूरे प्रदेश में उनके खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा जिसकी जिम्मेदार प्रतिभा सिंह होगी।