मंडी को मिली आधुनिक स्वीपिंग मशीन

नगर निगम की सड़कों और गलियों की सफाई करने में दिन नहीं बल्कि चंद घंटे लगेंगे। नगर निगम की गलियों और सड़कों के किनारे जमी धूल भी उठ जाएगी, फुटपाथ भी चकाचक दिखेंगे।नगर निगम की सफाई (स्वीपिंग) मशीन कार्यालय में पहुंच चुकी है। नगर निगम जल्द इसे सफाई के लिए तैनात करेगा। नगर निगम कार्यालय मंडी में 29.75 लाख रुपये की अत्याधुनिक सफाई मशीन पहुंच गई है। इसके लिए नगर निगम ने ऑनलाइन टेंडर किया था।मशीन के पहुंचने से अब शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार होगा और बेहतर सफाई होगी। इस बात की पुष्टि नगर निगम की अध्यक्ष दीपाली जसवाल ने की है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का सफाई वाहन कार्यालय में पहुंच गया है।

यह मशीन देखने में एक आम वाहन की तरह लगती है। इसके आगे और नीचे लगे कलपुर्जे अत्याधुनिक डिजाइन से बने हुए हैं। सड़क पर चलते ही यह अपना काम शुरू कर देते हैं। सड़कों-गलियों पर पड़ा कचरा, धूल, कण साफ हो जाते हैं। मशीन में पानी के छिड़काव की भी व्यवस्था है। इसलिए इसके चलने पर धूल भी नहीं उठती है। मशीन कचरा को अपनी और खींच लेगी और वाहन में कूड़ा जमा हो जाएगा। मशीन कचरे से भर जाने के बाद यह डंपिंग साइट में खाली की जाएगी।

कर्मचारियों को किया जाएगा प्रशिक्षित

सफाई मशीन जल्द ही काम पर लगाई जाएगी। मशीन को चलाने से पहले नगर निगम के कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। मशीन की कार्यप्रणाली उन्हें सिखाई जाएगी ताकि वे सही तरीके से मशीन को चला सकें और इसका प्रयोग उचित ढंग से हो सके।