Skip to content

मंडी-पठानकोट फोरलेन प्रोजेक्ट ने पकड़ी रफ्तार, ठानपुर और पद्धर के हुए टेंडर

धर्मशाला: हिमाचल के बेहद अहम प्रोजेक्ट मंडी-पठानकोट फोरलेन ने अपनी रफ्तार पकड़ ली है। इस प्रोजेक्ट ने एक कदम और आगे बढ़ाया है। अब सिहुणी से लेकर राजोल क्षेत्र तक का मुआवजा भी बनकर तैयार हो गया है। जल्द ही प्रभावितों को मुआवजा मिलने का रास्ता साफ हो गया है। इसके अलावा दो और जगहों ठानपुर और पद्धर में काम के टेंडर हो गए हैं। फोरलेन के प्रोजेक्ट डायरेटर अनिल सेन ने खबर की पुष्टि की है। फोरलेन के पीडी अनिल सेन ने बताया कि इससे पहले नूरपुर के चक्की बैंक से फोरलेन का काम शुरू हुआ था।

चक्की बैंक से सिहुणी तक मुआवजे की प्रक्रिया को पूरा कर लिया गया है। अब सिहुणी से आगे राजोल तक का मुआवजा बनकर भी तैयार हो गया है। उन्होंने बताया कि इसकी डिटले उन्होंने दिल्ली में हैडक्वार्टर को भेज दी है। उन्होंने हैडक्वार्टर से शीघ्र पैसा जमा करवाने को कहा है। दिल्ली से पैसा आने के बाद इसे एसडीएम जवाली व एसडीएम शाहपुर के पास जमा करवाया जाएगा। उनके जरिए प्रभावितों को मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट पर तेजी से काम चल रहा है।

ठानपुरी के परौर के टेंडर हुए
फोरलेन को लेकर दो और जगहों के लिए टेंडर हो चुके हैं। इनमें पहला पैच ठानपुरी से परौर तक है। दूसरा पैच पद्धर से बिजणी तक है। इन दोनों स्थानों के लिए टेंडर हो चुक हैं। ऐसे में इन स्थानों पर भी काम शुरू होने की दिशा में एक और कदम आगे बढ़ गया है।

राजोल से घुरकड़ी तक इंतजार
राजोल से लेकर घुरकड़ी तक फोरलेन का काम अभी नहीं होना है। जिला उपायुक्त डा निपुण जिंदल पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि यह काम एयरपोर्ट का विस्तार होने तक डी-स्कोप है। यानी एयरपोर्ट विस्तार के बाद ही इस हिस्से में फोरलेन का काम होगा। इस कारण इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों का इंतजार बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि एयरपोर्ट पर जिला प्रशासन को जल्द स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

Privacy Policy Designed using Magazine News Byte. Powered by WordPress.