नक्शा पास करवाने के लिए कोई रिश्वत मांगे तो मुझे करें मैसेज: कमिश्नर राजीव कुमार

सोलन नगर निगम में किसी भी तरह का भ्रष्टाचार  सहन नहीं किया जाएगा।  यह चेतावनी नगर निगम के नए कमिश्नर राजीव कुमार ने सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को दी।  जिसके लिए उनके द्वारा मीडिया में बकायदा  प्रेस नोट भी जारी किया गया है।  जिसके चलते नगर निगम सोलन के  अधिकारी भी दंग रह गए है क्योंकि यह सोलन के इतिहास में पहली बार हुआ है जब किसी अधिकारी ने इतना बड़ा कदम उठाया है। सोलन शहर बेहद तेज़ी से विकसित हो रहा है।  इस लिए यहाँ भवनों का निर्माण भी बेहद अधिक हो रहा है। भवनों के निर्माण के लिए नक्शा अप्रूव करवाना बेहद टेढ़ी खीर माना जाता है क्योंकि उस पर बहुत सी आपत्तियां लगा कर उसे ठंडे बस्ते में डालने का प्रयास किया जाता है। लेकिन कमिश्नर द्वारा इस प्रक्रिया पर रोक लगाने के लिए कई कड़े कदम उठाए हैं। जिसे देख कर ऐसा प्रतीत होता है कि नगर निगम से जल्द ही भ्र्ष्टाचार कम हो जाएगा।  
अधिक जानकारी देते हुए कमिश्नर राजीव कुमार  ने कहा कि  ऐसा देखा गया है कि सोलन नगर निगम में बहुत से ऐसे नक़्शे है जो काफी समय से लंबित पड़े हैं।  जिस पर अधिकारियों को तुरंत निर्देश दिए गए है कि इन नक्शों पर जल्द कार्रवाई अमल में लाई जाए।  अगर उस पर कोई आपत्तियां है तो उसकी जानकारी एक बार में ही आवेदनकर्ता  को दी जाए। ताकि वह उन्हें दूर कर नक्शे को प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि  उन्हें जानकारी मिली है कि  आवेदन कर्ताओं पर अधिकारी गलत दवाब बनाने का प्रयास करते आए है लेकिन आवेदन कर्ता  उनकी शिकायत करने से डरते है। इसलिए उन्होंने अपना व्हाट्सएप नंबर जारी किया है और यह आश्वासन भी दिया है कि जो भी सूचना उनके द्वारा दी जाएगी उसे गुप्त रखा जाएगा किसी भी सूरत में उनका नाम उजागर नहीं होगा। इस लिए वह बेख़ौफ़ हो कर अपनी शिकायत उन्हें भेज सकते है।