Mohsin Khan: जिस मुंबई इंडियंस ने सालों तक बेंच पर बैठाकर रखा, पुलिस वाले के बेटे ने उसी की लगा दी लंका

Mohsin Khan: मोहसिन खान ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ लखनऊ सुपर जायंट्स को रोमांचक जीत दिला दी। मुंबई को आखिरी ओवर में 11 रन बनाने थे लेकिन मोहसिन ने सिर्फ 5 रन दी दिए। लेकिन क्या आपको पता है कि मोहसिन खान को मुंबई इंडियंस ने ही स्काउट किया था।

mohsin khan
लखनऊ: मोहसिन खान (Mohsin Khan) ने जनवरी 2018 में यूपी के लिए डेब्यू किया था। उसी महीने मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) ने आईपीएल की नीलामी में उन्हें 20 लाख रुपये में खरीदा था। मुंबई कई अनजान खिलाड़ियों को लेकर आती है और वह कमाल कर जाते हैं। मुंबई की उसी स्काउट की वजह से मोहसिन नीलामी में बिके। लेकिन टीम ने उन्हें खेलना का मौका नहीं दिया। 2019 नीलामी से पहले रिलीज करने के बाद 2020 की नीलामी में मुंबई ने उन्हें एक बार फिर खरीदा। फिर भी वह बेंच पर रहे। 2021 सीजन में भी उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला। 2022 की नीलामी में लखनऊ ने मोहसिन को 20 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा।

मोहसिन ने मुंबई को हराया

लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस (LSG vs MI) के बीच आईपीएल 2023 का 63वां मुकाबला एकाना स्टेडियम में खेला गया। मैच के आखिरी ओवर में मुंबई को जीत के लिए 11 रन चाहिए थे। क्रीज पर टिम डेविड और कैमरून ग्रीन थे। मोहसिन ने धीमी गति के गेंद के साथ ही यॉर्कर का शानदार इस्तेमाल किया। इस ओवर में उन्होंने सिर्फ 5 रन दिये और लखनऊ को 5 रनों से मुकाबले में जीत दिला दी।

कौन हैं मोहसिन खान?

मोहसिन खान का जन्म यूपी के संभल में हुआ था। उनके पिता यूपी पुलिस में सब इंसपेक्टर हैं। बचपन से ही बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहसिन को क्रिकेट का शौख था। 2018 में ही उन्होंने लिस्ट ए डेब्यू भी किया। 2020 में उन्हें फर्स्ट क्लास में खेलना का मौका मिला।

एक साल से थे चोटिल

मोहिसन खान ने पिछले साल लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए 9 मैच में 14 विकेट लिये थे। उन्होंने सिर्फ 5.97 की इकोनॉमी से रन दिये थे। कंधे में चोट की वजह से उन्होंने आईपीएल 2022 के बाद कोई मुकाबला नहीं खेला था। इस सीजन भी शुरुआती मैचों में बाहर हे। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुकाबले में ही उनकी वापसी हुई। अब मुंबई के खिलाफ उन्होंने अपनी टीम को जीत दिला दी है।