फिरोजाबाद के मटेसना में बंदर की गोली मारकर हत्या, ग्रामीणों में आक्रोश, जांच में जुटी पुलिस

फिरोजाबाद में अमानवीयत का मामला सामने आया है। मटेसना में किसी शरारती तत्व ने बंदर की गोली मारकर हत्या कर दी। 

सांकेतिक तस्वीर
फिरोजाबाद जिले के मटसेना थाना क्षेत्र में किसी अराजकतत्व ने एयरगन से गोली मारकर बंदर की हत्या कर दी। बृहस्पतिवार की सुबह ग्रामीण खेतों पर गए तो खून से लथपथ मृत बंदर पड़ा देख सन्न रह गए। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सूचना पर मटसेना थाना पुलिस पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद बंदर के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सालय भेज दिया। 
मटसेना थाना क्षेत्र के गांव दौकेली के ग्रामीण बृहस्पतिवार सुबह खेतों पर गए थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने गांव नगला मुल्ला और दौकेली के बीच एक खेत में बंदर का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। बंदर की गोली मारकर हत्या की गई थी। इसकी सूचना मिलते ही घटनास्थल पर काफी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने मटसेना थाना पुलिस को सूचना दी। 

किसने की बंदर की हत्या ? 

सूचना पर थानाध्यक्ष मटसेना संजुल पांडेय पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटना के संबंध में ग्रामीण से जानकारी ली, लेकिन बंदर की हत्या करने वाले के बारे में कोई ठोस जानकारी पुलिस को नहीं मिल सकी। पुलिस बंदर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सालय भेज दिया है। 

थानाध्यक्ष मटसेना संजुल पांडेय का कहना है कि बंदर की हत्या एयरगन से गोली मारकर की गई है। घटना के पीछे किसी शरारती तत्व का हाथ होने की आशंका है। पुलिस जांच कर रही है। जल्द ही आरोप को गिरफ्तार किया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सालय भेजा गया है। अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जाएगी। उधर, बंदर की हत्या से ग्रामीणों में आक्रोश है।