केंद्र और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी में मां और बेटे सभी जमानत पर : संबित पात्रा

केंद्र और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी में मां और बेटे सभी जमानत पर :  संबित पात्रा

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने शनिवार को धर्मशाला में पत्रकार सम्मेलन के दौरान राहुल गांधी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में होने वाले चुनावों को लेकर कांग्रेस पार्टी के नेता ऐसी घटिया ब्यानबाजी कर रहें हैं जिससे उन्हे लगता हे कि वे प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बना लेंगे। राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए संबित पात्रा ने कहा कि चुनावी दौर में भी राहुल गांधी कभी केरल तो कभी कर्नाटक घूमने में व्यस्त दिख रहे हैं। इससे स्पष्ट होता है कि राहुल गांधी हिमाचल प्रदेश को लेकर बिल्कुल भी गंभीर नहीं हैं। उन्हें हिमाचल प्रदेश तथा यहां के चुनाव से कोई लेना देना नहीं है। संबित पात्रा ने कहा राहुल गांधी हिमाचल को अपना नहीं मानते हैं। इसी कारण हिमाचल में कांग्रेस कार्यकाल में जो भी भ्रष्टाचार या घोटाले हुए उसको लेकर आज दिन तक राहुल गांधी ने कुछ नहीं कहा। इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उत्तराखंड में भी हिमाचली परिधान पहनकर केदारनाथ पहुंचे थे। उससे यह जाहिर होता है कि पीएम मोदी को हिमाचल से कितना लगाव है। कांग्रेस के केंद्र और हिमाचल दोनों ही स्थानों पर बुरे हाल हैं। केंद्र में भी मां और बेटा सब कुछ हैं और जमानत पर हैं और हिमाचल में भी मां और बेटा सब कुछ करते हैं और जमानती हैं। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के पास कोई कार्य न होने के बावजूद कार्यकारी अध्यक्षों की फौज खड़ी कर रखी है। हिमाचल में भी केंद्र की तरह कांग्रेस बिखरी पड़ी है। कांग्रेस एक परिवार की पार्टी है, जबकि भाजपा के लिए पार्टी ही परिवार है। उन्होंने कहा कि हिमाचल के चुनावों में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। भाजपा हर वर्ग के विकास को तरजीह देने वाली पार्टी है। जिसका उदाहरण हाटी समुदाय का 55 सालों से लंबित मामला है। आज भाजपा सरकार ने हाटी समुदाय के लोगों को मुख्य धारा में ला दिया है। चुनावों में भाजपा के हो रहे बागी नेताओं को लेकर पूछे गए प्रश्न में उन्होंने कहा कि बड़े परिवार वाली पार्टी में ऐसा होता रहता है, लेकिन यह बात बिल्कुल स्पष्ट और निश्चित है कि सभी बागी नेताओं एवं लोगों को सम्मानपूर्वक वापस लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की पुनः सरकार बनेगी।