दो वर्षों में नगर निगम सोलन को स्थाई कमिश्नर न मिलना दुर्भाग्यपूर्ण : कुल राकेश पंत 

दो वर्षों में नगर निगम सोलन को स्थाई कमिश्नर न मिलना दुर्भाग्यपूर्ण : कुल राकेश पंत
24 घंटे पानी देने का होना चाहिए लक्ष्य लेकिन 4 दिनों बाद सोलन में मिल रहा पानी : कुल राकेश पंत

सोलन शहर लगातार फैलता जा रहा है।  यहाँ की जनसंख्या और वाहनों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। जिसकी वजह से नगर निगम के समक्ष बहुत सी समस्याएं खड़ी हो चुकी है।  सबसे बड़ी  और पहली समस्या पानी की आपूर्ति है। दूसरी बड़ी समस्या पार्किगं की है।  लेकिन इन समस्याओं का हल कैसे करना है इसको लेकर नगर निगम गंभीर दिखाई नहीं दे रहा है।  पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष कुलराकेश पंत ने भी इन समस्याओं को लेकर चिंता जताई है।  उन्होंने कहा कि नगर निगम अधिकारियों और प्रतिनिधियों को इन समस्याओं का हल निकालने के लिए जागरूक होना पड़ेगा और शहर की  प्राथमिकताओं  को महत्व देना होगा।  अपनी सूझ बूझ से इन समस्याओं का हल निकालना पड़ेगा।
चिंता जताते हुए पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष कुलराकेश पंत ने कहा कि सबसे बड़ी दुर्भाग्यपूर्ण बात यह  है कि नगर निगम को दो वर्षों में  स्थाई कमिश्नर नहीं मिल पाया है। जिस वजह से शहर का विकास  नहीं हो पा रहा है।  वहीँ उन्होंने  कहा कि नगर निगम के नए पदाधिकारियों को ट्रेनिंग दी जानी चाहिए। ताकि उन्हें पता चल सके कि केंद्र से  शहर के विकास को लेकर कैसे मदद ली जा सकती है।  वहीँ डीपीआर कैसे बनानी है उनके अधिकारी और कर्तव्य क्या है इस बात की विस्तृत जानकारी देने की आवश्यकता है।  उन्होंने कहा कि  नगर निगम का लक्ष्य 24 घंटे पानी देने का होना चाहिए लेकिन खेद का विषय है कि फरवरी माह में ही  शहर में पानी चौथे दिन मिल रहा है।  उन्होंने कहा कि शहर में सीवरेज  प्रणाली की व्यवस्था नहीं है। यहाँ तक कि पार्किंग की समस्या बेहद विकराल है रेलवे स्टेशन के समीप पार्किंग बन रही है लेकिन उसका निर्माण कार्य बेहद धीमा चला है।