Muzaffarpur News: अनंत सिंह के बाद गिरा आरजेडी का दूसरा विकेट, कुढ़नी विधायक अनिल सहनी की गई विधानसभा सदस्यता

LTC Scam: बिहार में RJD के एक और विधायक की सदस्यता चली गई। ये विधायक मुजफ्फरपुर के हैं और कुढ़नी विधानसभा सीट से जीते थे। अनिल सहनी को LTC घोटाले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने तीन साल की सजा सुनाई। इसके बाद उनकी सदस्यता जाने की सूचना विधानसभा से दे दी गई है।

RJD Anil Sahni

अनिल सहनी की फाइल फोटो

मुजफ्फरपुर: बिहार में आरजेडी का दूसरा विकेट गिर गया। एके 47 और हैंड ग्रेनेड कांड में अनंत सिंह की विधायिकी जाने के बाद दूसरे विधायक की भी सदस्यता खत्म कर दी गई है। मुजफ्फरपुर में कुढ़नी के राजद विधायक अनिल सहनी को 3 साल की सजा होने के बाद उनकी विधानसभा की सदस्यता चली गई है। विधानसभा सचिवालय ने इस बाबत एक खत भी जारी कर दिया है। इस अधिसूचना में ये जानकारी दी गई है कि कुढ़नी के आरजेडी विधायक को LTC घोटाले में दोषी करार दिए जाने के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त कर दी गई है।

मुजफ्फरपुर में होगा दूसरा उपचुनाव
बोचंहा के बाद कुढ़नी में उपचुनाव की संभावना से मुजफ्फरपुर की सियासत गरमा गयी है। राजद विधायक अनिल सहनी को सजा मिलने के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द कर दी गई है। इससे कुढ़नी विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव होना तय हो गया है। उधर अनिल सहनी को सजा की खबर सामने आते ही सियासी गलियारे में हलचल भी तेज हो गई। राजनीतिक बयानबाजी से लेकर उपचुनाव और संभावित दावेदारों के नाम की चर्चा चालू है। 2020 के विधानसभा चुनाव में अनिल सहनी के निकटतम प्रतिद्वंद्वी और बीजेपी उम्मीदवार पूर्व विधायक केदार प्रसाद गुप्ता का कहना है कि ‘उपचुनाव में जनता अपने वोट से जवाब देगी। बीजेपी अब उपचुनाव की तैयारी में जुटेगी और जनता के बीच इनकी पोल खोलेगी।’

इसलिए हुई अनिल सहनी को सजा
अवकाश एवं यात्रा भत्ता (एलटीसी) घोटाला मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने आरजेडी के कुढ़नी विधायक अनिल कुमार साहनी समेत तीन को हाल ही में सजा सुनाई थी। अनिल साहनी को अलग-अलग धाराओं के तहत तीन साल की सजा सुनाई गई थी और दो लाख रुपयों का जुर्माना भी लगाया गया था। इसी केस में दोषी पाए गए एयर इंडिया के तत्कालीन ट्रैफिक सुपरिंटेंडेंट एनएस नायर और एक और दोषी अरविंद तिवारी को दो साल की सजा और 50 हजार का जुर्माना लगाया गया था। इस केस में आरोप था कि बगैर छुट्टी और यात्रा के लाखों रुपये का भत्ता फर्जी तरीके से निकाला गया था। इस मामले यानि LTC घोटाले में 31 अक्टूबर 2013 को केस दर्ज किया गया था। तब अनिल सहनी राज्यसभा के सांसद हुआ करते थे।