समुद्र के किनारे मिली रहस्यमय ‘ड्रैगन’ की खोपड़ी, गर्म हवा निकलने के लिए बने हैं छेद?

Dragon Skull: ब्रिटेन में समुद्र किनारे एक हड्डी मिली है। जिस शख्स को ये मिली उसने इसे रेडिट पर शेयर किया, जिसके बाद कई लोगों ने कहा कि ये ड्रैगन की खोपड़ी है। वहीं कई लोगों ने इसे रीढ़ की हड्डी बता दिया। एक शख्स ने बताया कि इसमें दिख रहे छेद आंख हैं।

लंदन: टीवी सीरीज हाउस ऑफ ड्रैगन से मिलती जुलती एक ‘ड्रैगन’ की खोपड़ी की तस्वीर इंटरनेट पर देखने को मिल रही है। इस तस्वीर को रेडिट पर शेयर किया गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक ये ब्रिटेन के एक बीच पर मिला है। इस तस्वीर में खोपड़ी की दो नुकीली आंखें दिख रही हैं। आंखों के बीच में लकीरें हैं और नीचे एक लंबा मुंह है। रेडिट पर एक यूजर ने फोटो पोस्ट करते हुए पूछा, ‘ब्रिडलिंगटन समुद्र तट पर रेत में किसी प्रकार के जानवर की खोपड़ी मिली है। क्या किसी को पता है कि ये कौन सा जीव था?’

तस्वीरों को देखने के बाद अटकलें लगने लगीं। कुछ लोगों ने इसे चार पैरों वाले ड्रैगन की जगह वाइवर्न (Wyvern) बताया जो सांप की तरह दो पंखों वाला पौराणिक जीव है। खोपड़ी पर दिखने वाले छेद को देख कर एक शख्स ने लिखा, ‘ड्रैगन आग फेंकता है। ये छेद गर्म हवा को निकलने के लिए रास्ता देते हैं, ताकि उनकी खोपड़ी फट न जाए।’ वहीं एक अन्य यूजर ने भी इसे ड्रैगन ही बताया।

dragon skull

एक यूजर ने बताया ड्रैगन की रीढ़
एक अन्य यूजर ने लिखा कि अगर ये ड्रैगन से जुड़ा है तो ये खोपड़ी नहीं हो सकता है। ये उसकी रीढ़ की हड्डी है। एक अन्य इसी तरह की खोपड़ी मिलने का अपना अनुभव साझा किया। उसने बताया कि उसे इसी तरह का अवशेष स्कॉटलैंड में यूनी फील्ड ट्रिप के दौरान मिला था। उन्होंने लिखा कि हमें जब ये पहली बार मिला तो हमने माना कि ये एक खोपड़ी है और इसमें छेद आंखों के लिए हैं।

Seagull

क्या है सच्चाई
रेडिट पोस्ट पर एक यूजर ने उन सभी की बातों को खारिज कर दिया जो इसे ड्रैगन बता रहे थे। उसने बताया कि ये एक पक्षी जिसका नाम समुद्री गल (Sea Gull) है उससे जुड़ा हुआ है। इसके लिए उन्होंने एक ब्लॉग और एक रिसर्च भी शेयर किया। इसमें एक वैज्ञानिक ने पक्षियों के हिस्सों के बारे में बताया था। सीगल का ये पेडू (Pelvis) है जो उसके पैरों के साथ नीचे जुड़ा रहता है।