#Nahan : कांग्रेस कर रही अदला-बदली की राजनीति, विकास कार्य ठप : विनय गुप्ता

व्यवस्था परिवर्तन का राग अलापने वाली कांग्रेस सरकार का पिछले 6 माह का कार्यकाल द्वेष की राजनीति में बीत गया है। जिला में टार्गेटिड ट्रांसफ़रों का दौर चला हुआ है। चुन-चुन कर लोगों की ट्रांसफर की जा रही है। बीमार लोगों को भी नहीं बक्शा जा रहा है। वीरवार को प्रेस से बातचीत करते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता ने कांग्रेस सरकार पर बरसते हुए कहा कि विभिन्न विभागों में ठेकेदारों की करोड़ों की पेमेंट अटकी पड़ी है। नए कार्यों के टेंडर नहीं हो रहे हैं। जो कार्य पिछली सरकार द्वारा शुरू किए गए थे। वह लगभग सभी बंद हो चुके हैं।

प्रेस से बातचीत करते जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता

वित्तीय संकट की दुहाई देकर सरकार लोगों को बेवकूफ बना रही है। लोक निर्माण, जल शक्ति व स्वास्थ्य जैसे विभागों में रोजमर्रा के कार्यों के लिए भी बजट उपलब्ध नहीं है। शिक्षण संस्थानों को धड़ाधड़ छात्रों की जरूरी संख्या होने के बावजूद बंद किया जा रहा है। शिक्षा हर व्यक्ति का मौलिक अधिकार है। उसके लिए बजट का प्रबंध कहां से करना है यह सरकार का दायित्व होता है। कुल मिलाकर कांग्रेस सरकार के 6 माह के कार्यकाल में चारों तरफ अराजकता का माहौल है।

लगाया शिलान्यास पट्टिकाओं को तोड़ने का आरोप

जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता ने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र के कई स्थानों पर भाजपा सरकार के समय डॉ. राजीव बिंदल द्वारा किए गए विकास कार्यों की शिलान्यास पट्टिकाएं भी तोड़ी जा रही है। यह बेहद ही निंदनीय है। इस प्रकार की परम्परा से कांग्रेसी कए संदेश देना चाहते है। नाहन विधानसभा क्षेत्र में पूर्व सरकार के समय अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं।

भाजपा ने कभी बदला-बदली की भावना से कार्य नहीं किया। मगर कांग्रेस व उसके कार्यकर्ता यह भूल रहे हैं कि लोकतंत्र में कुछ भी स्थाई  नहीं होता। इसलिए भाजपा कांग्रेस की कारगुजारियों का डटकर विरोध करेंगी। कांग्रेस नेताओं की मनमानी ज्यादा दिन चलने वाली नहीं है। इस मौके पर भाजपा के महामंत्री प्रीत मोहन शर्मा सहित दर्जनों नेता उपस्थित थे।