#Nahan: भाई बलभद्र व बहन सुभद्रा के साथ नगर भ्रमण पर निकले भगवान श्री जगन्नाथ

नाहन, 03 जुलाई : उत्तर भारत के प्राचीन श्री जगन्नाथ मंदिर में विराजमान भगवान श्री जगन्नाथ जी रविवार को ऐतिहासिक शहर के भ्रमण पर निकले हुए हैं। चौगान मैदान से शुरू हुई रथयात्रा शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से होकर गुजर रही है।

करीब 11:45 बजे भगवान श्री जगन्नाथ चौगान मैदान से भव्य रथ पर सवार होकर नगर के भ्रमण पर निकले है। इससे पहले भव्य तरीके से भगवान जगन्नाथ मंदिर से चौगान मैदान पहुंचे। शनिवार को ही छप्पन भोग तैयार कर लिए गए थे। भगवान को छप्पन भोग अर्पित करने के बाद रथ यात्रा शुरू हुई। 

बता दें कि उत्तर भारत में नाहन में ही भगवान श्री जगन्नाथ का प्राचीन मंदिर है। वैश्विक महामारी के कारण 2 साल से यात्रा का आयोजन सूक्ष्म तौर पर किया जा रहा था, लेकिन इस बार भगवान जगन्नाथ भव्य तरीके से निकले है। भगवान के रथ को इस बार पारंपरिक लुक देने का प्रयास किया गया है। पालकी को हिमाचली शैली में बनाया गया है।  

उल्लेखनीय है कि 2009 में पहली बार शहर में जगन्नाथ यात्रा की शुरुआत की गई थी। रथ यात्रा के लिए श्री जगन्नाथ पुरी से विशेष विग्रह मंगवाए गए थे। शहर में भगवान श्री जगन्नाथ के प्राचीन मंदिर का इतिहास करीब 350साल पुराना है। भगवान श्री जगन्नाथ के साथ भाई बलभद्र, बहन सुभद्रा भी नगर भ्रमण पर हैं। रथ यात्रा देर शाम मंदिर में समाप्त होगी। 

शहर के अलग-अलग हिस्सों में रथ यात्रा का भव्य स्वागत किया जा रहा है। श्री जगन्नाथ रथ यात्रा के मुख्य आयोजक प्रकाश बंसल ने बताया कि यात्रा का आयोजन आषाढ़ शुक्ल पक्ष की तृतीय तिथि को किया जाता है। रथ यात्रा में भक्तों के रस्सी खींचने की जबरदस्त होड़ भी देखने को मिल रही है।