जहन्नम की तरफ बढ़ रहा नया सऊदी अरब… रियाद में हुआ WWE का रेस्लिंग टूर्नामेंट, महिलाओं को देखकर भड़के कट्टरपंथी

Women Rights in Saudi Arabia : सऊदी अरब में कुछ साल पहले महिलाओं को वोटिंग और गाड़ी चलाने के अधिकार मिले हैं। महिलाओं को लेकर खाड़ी देश अब रूढ़िवाद की जंजीरे तोड़ रहा है। लेकिन अक्सर सऊदी अरब के बदलावों को कट्टरपंथियों के विरोध और आलोचनाओं का सामना करना पड़ता है।

saudi (9)
फोटो : ट्विटर

रियाद : सऊदी अरब महिलाओं के अधिकारों को लेकर अक्सर आलोचनाओं का शिकार होता रहता है। हालांकि अपने पर्यटन क्षेत्र को मजबूत करने और निवेशकों को लुभाने के लिए खाड़ी देश कई बड़े बदलाव कर रहा है। लेकिन सऊदी अरब में महिलाओं को लेकर होने वाले हर बड़े बदलाव को कट्टरपंथियों के हमले का सामना करना पड़ता है। ऐसा ही कुछ हुआ जब हाल ही प्रोफेश्नल रेस्लिंग कंपनी WWE ने सऊदी अरब में अपने इवेंट का आयोजन किया। इसमें महिला रेस्लर्स ने भी हिस्सा लिया जिसे लेकर कट्टरपंथी भड़के हुए हैं।

सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस इवेंट के विरोध में अपना गुस्सा जाहिर किया। एक वीडियो के नीचे कुछ यूजर्स ने, ‘जहन्नम के लिए तैयार’, ‘जहन्नम के रास्ते पर बढ़ता नया सऊदी अरब’ जैसे कमेंट किए। हालांकि कुछ लोग मुल्क के इस बदलाव के समर्थन में भी नजर आए। एक शख्स ने लिखा, ‘सुधारों को लेकर दुनियाभर के लिए वास्तविक रोल मॉडल’। सऊदी अरब में वोट देना और गाड़ी चलाना जैसे मूलभूत अधिकार भी महिलाओं के पास देर से पहुंचे हैं।

जब हेलोवीन से नाराज हो गए कट्टरपंथी
रेस्लिंग टूर्नामेंट की मेजबानी से पहले हेलोवीन पर सऊद अरब में हंगामा मच गया था। पिछले हफ्ते 31 अक्टूबर को सऊदी अरब में पहली बार हेलोवीन का त्योहार मनाया गया। इस मौके पर राजधानी रियाद के एक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। लोगों ने डरावनी वेशभूषा बना रखी थी जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की गई। तस्वीरों ने कुछ कट्टरपंथियों को नाराज कर दिया और इसे ‘इस्लाम के खिलाफ’ करार दिया गया।

लोगों ने कहा- अब कयामत दूर नहीं
एक यूजर ने लिखा, ‘मैं इस साल बहुत से मुस्लिमों को हैलोवीन मनाते हुए देख रहा हूं। मुस्लिमों को हैलोवीन मनाना मना है। अल्लाह सही रास्ता दिखाए और हमें क्षमा करे।’ वहीं एक यूजर ने लिखा, ‘सऊदी अरब में हेलोवीन मनाया जा रहा है जो दिखाता है कि कयामत दूर नहीं है।’ अरब न्यूज की खबर के अनुसार, पहली बार निकल रही रियाद की हेलोवीन परेड में शमिल अब्दुलरहमान ने कहा कि सच कहूं तो मुझे हराम या हलाल के बारे में नहीं पाता, लेकिन यहां हर कोई खुश है।