राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लेकर कांग्रेस नेता की ओर से किए गए विवादित ट्वीट पर बीजेपी ने कड़ा ऐतराज जताया है। एक ओर जहां कांग्रेस नेता ने विवाद बढ़ने के बाद इसे निजी बताया वहीं बीजेपी का कहना है कि पूर्व में भी कांग्रेस नेता की ओर से ऐसा किया जा चुका है।

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता उदित राज ने देश की पहली दलित महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लेकर विवादित बयान दिया है। उदित राज के इस बयान की आलोचना हो रही है और वह इस मामले में बीजेपी के निशाने पर आ गए हैं। इस पूरे मामले पर विवाद बढ़ता देख उदित राज ने कहा है कि यह उनका निजी बयान है कांग्रेस पार्टी का नहीं। वहीं बीजेपी ने कहा कि यह पहली बार राष्ट्रपति के लिए कांग्रेस की ओर से नहीं किया गया है इसके पहले भी कांग्रेस पार्टी के नेता ऐसा कर चुके हैं। वहीं उदित राज के इस बयान की सोशल मीडिया पर काफी आलोचना की जा रही है।
कांग्रेस नेता उदित राज ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लेकर विवादित ट्वीट किया है। उदित राज ने ट्वीट करते हुए लिखा कि द्रौपदी मुर्मू जी जैसा राष्ट्रपति किसी देश को न मिले। चमचागिरी की भी हद है। वह कहती हैं 70% लोग गुजरात का नमक खाते हैं। खुद नमक खाकर जिंदगी जिएं तो पता लगेगा।