अब ए फॉर एप्पल की जगह अर्जुन और बी फॉर बलराम, सोशल मीडिया पर खूब सराही जा रही नई वर्णमाला

सीतापुर के अधिवक्ता ने पौराणिक व इतिहास से जुड़े शब्दों से अंग्रेजी वर्णमाला तैयार की है जिसकी खूब सराहना की जा रही है। प्रकाशकों ने भी इसमें रुचि दिखाई है।

पौराणिक व इतिहास से जुड़े शब्दों से तैयार वर्णमाला में महापुरुषों का है जिक्र।
पौराणिक व इतिहास से जुड़े शब्दों से तैयार वर्णमाला में महापुरुषों का है जिक्र।

आमतौर पर बच्चे अंग्रेजी की वर्णमाला में ए फॉर एप्पल और बी फॉर ब्वॉय पढ़ते आए हैं लेकिन अब बच्चे ए फॉर अर्जुन और बी फॉर बलराम भी पढ़ सकते हैं। शिक्षकों के सोशल मीडिया ग्रुप पर ऐसी ही अंग्रेजी वर्णमाला का खूब प्रसार हो रहा है। इसमें ए से लेकर जेड तक के शब्द भारतीय पौराणिक संस्कृति व इतिहास से लिए गए हैं।

शिक्षकों का भी मानना है कि  यह बच्चों के लिए अलग तरह का अनुभव होगा और इससे वे बालपन में ही भारतीय संस्कृति से रूबरू हो सकेंगे। सोशल मीडिया पर इस तरह की अंग्रेजी वर्णमाला की पीडीएफ फाइल उपलब्ध है। इसमें शब्दों से संबंधित फोटो भी उपलब्ध हैं। साथ में संबंधित शब्द का वर्णन भी दिया गया है। उदाहरण के तौर पर ए फॉर अर्जुन है तो अर्जुन के बारे में भी एक वाक्य में वर्णन दिया गया है।

हिंदी में तैयार कर रहे हैं ऐसी शब्दावली
अंग्रेजी वर्णमाला से संबंधित इस तरह की शब्दावली सीतापुर निवासी एक अधिवक्ता ने तैयार की है। अमीनाबाद इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य एसएल मिश्रा ने बताया कि अधिवक्ता ने इसे बनाया तो है, लेकिन इसको लेकर वह मीडिया के समक्ष नहीं आना चाहते हैं। हालांकि, प्रकाशकों को भी यह नई संकल्पना भा रही है और मेरठ के एक प्रकाशक ने इसे प्रकाशित करने का निर्णय लिया है।

इसमें शब्दों से संबंधित वर्णनों को सुधार कर और विस्तार से लिखवाएंगे, ताकि बच्चों को थोड़ी ज्यादा जानकारी मिल सके। एसएल मिश्रा ने बताया कि इसे बनाने वाले अधिवक्ता हिंदी वर्णमाला की भी इस तरह की शब्दावली तैयार कर रहे हैं।

इस तरह है अंग्रेजी वर्णमाला की शब्दावली
ए – अर्जुन
बी- बलराम
सी – चाणक्य
डी – ध्रुव
ई – एकलव्य
एफ – फोर वेद
जी – गायत्री माता
एच – हनुमान
आई – इंद्र
जे – जटायु
के – कृष्ण
एल – लव-कुश
एम – मार्कंडेय
एन- नारद
ओ – ओमकार
पी – प्रहलाद
क्यू – क्वीन गांधारी
आर – राम
एस – सूर्य
टी – तुलसी
यू – उद्धव
वी – वमनावतार
डब्ल्यू – वाटर गंगा
एक्स – क्षीरब्दी द्वादशी
वाई – यशोदा
जेड – जामवंत