स्पेस लैब में अब अंतरिक्ष के रहस्यों से पर्दा उठाएंगे सरकारी स्कूल के बच्चे, ISRO की ‘संस्था’ बना रही है ये प्रयोगशाला

उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के सरकारी स्कूल में इसरो से संबद्ध एक संस्था अंतरिक्ष प्रयोगशाला का निर्माण करा रही है। अंतरिक्ष प्रयोगशाला के निर्माण का काम 10 अक्टूबर से शुरू होकर 15 नवंबर तक चलेगा। एक परीक्षा के जरिए सात छात्रों का चयन किया जाएगा, जिसके बाद उन्हें अंतरिक्ष विषय में शिक्षा दी जाएगी।

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर

सिद्धार्थनगरः उत्तर प्रदेश के अतिपिछड़े जिलों में से एक सिद्धार्थनगर जिले के एक सरकारी स्कूल में अंतरिक्ष प्रयोगशाला का निर्माण होने जा रहा है। सरकारी स्कूल में निर्मित होने वाली यह देश की पहली प्रयोगशाला होगी। यह बात हम ऐसे ही नहीं कह रहे हैं। दरअसल, सरकारी स्कूल में अंतरिक्ष प्रयोगशाला बनाने की राह में अग्रणी यह पूर्व माध्यमिक स्कूल डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के हसुड़ी औसानपुर में स्थित है।

अंतरिक्ष प्रयोगशाला के निर्माण का काम 10 अक्टूबर से शुरू होकर 15 नवंबर तक चलेगा। व्योमिका स्पेस अकादमी इसका निर्माण कर रही है। यह संस्था इसरो से संबद्ध है। स्पेस वीक के पहले दिन यानी 4 अक्टूबर इस स्कूल के 7 छात्रों का चयन के लिए एक परीक्षा आयोजित की गई। इस परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले 7 छात्रों को स्पेस एजुकेशन के लिए यह संस्था दिसम्बर माह मे अहमदाबाद ले जाएगी, जहां छात्र अंतरिक्ष के विषय में जानकारी हासिल कर सकेंगे।

प्रयोगशाला निर्माण के बाद स्कूल में ऑनलाइन और ऑफलाइन कक्षाओं के माध्यम से छात्रों को अंतरिक्ष विज्ञान की पढ़ाई कराई जाएगी। इसके लिए इसरो के रिटायर्ड वैज्ञानिक 2 घंटे की ऑनलाइन क्लास लेंगे। साथ ही समय समय पर स्कूल में ऑफलाइन कक्षाएं भी संचालित की जाएंगी। इसे लेकर जब हमने ग्राम प्रधान दिलीप त्रिपाठी से बात की तो उन्होंने इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा कि हमारे गांव और जिले के बच्चे इसरो अंतरिक्ष स्पेस में अपना कैरियर बनाएंगे और देश की सेवा कर सकेंगे।

​सरकारी स्कूल में बनेगा स्पेस लैब

सरकारी स्कूल में बनेगा स्पेस लैब

उन्होंने आगे बताया कि इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए व्योमिका स्पेस प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ गोविंद यादव से मिलकर आगे की तैयारी में जुट गए हैं। इसी क्रम में जूनियर क्लास के बच्चों की एक परीक्षा आयोजित की गई। इस परीक्षा के परिणाम के आधार पर 7 छात्रों का चयन किया जाएगा। इन्हें अंतरिक्ष विज्ञान की जानकारी के लिए अहमदाबाद ले जाया जाएगा। इस प्रयोगशाला के निर्माण की लागत 8 लाख 26 हज़ार होगी। यह पंचायत निधि से खर्च की जाएगी।