अब रामगढ़ताल के किनारे बैठकर निहार सकेंगे ताल की खूबसूरती, फुटपाथ भी बनाएगा जीडीए

अब रामगढ़ ताल के किनारे बैठकर आराम से ताल की खूबसूरती निहारी जा सकेगी। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) इसके लिए पैडलेगंज स्थित एसटीपी के पास से लेकर नया सवेरा के मुख्य द्वार तक पांच जगहों पर दर्शक दीर्घा (व्यूईंग डेक) का निर्माण कराएगा।
साथ ही ताल के किनारे टहलने के लिए दो किलोमीटर तक फुटपाथ का निर्माण कराया जाएगा। चार फीट न्यूनतम चौड़ाई वाले फुटपाथ की सड़क से ऊंचाई छह इंच रखी जाएगी। फुटपाथ बनने से रेलिंग से सटाकर गाड़ी खड़ी करने की समस्या से निजात मिल जाएगी और सड़क पर चलने वाली गाड़ियों से टहलने वालों को खतरा भी नहीं रहेगा।
रामगढ़ताल।

प्राधिकरण के मुताबिक दर्शक दीर्घा रामगढ़ ताल की ओर होगी। रेलिंग से ताल की ओर इसे छह मीटर लंबा बनाया जाएगा और चौड़ाई 15 मीटर होगी। एक दीर्घा में एक साथ 21 लोग बैठ सकेंगे। जल्द ही इसका निर्माण शुरू हो जाएगा। पांचों दीर्घा पर करीब तीन करोड़ रुपये खर्च आने का अनुमान है। पर्यटकों की पसंदीदा जगह बन चुके रामगढ़ताल की खूबसूरती को और बढ़ाने के लिए प्राधिकरण निरंतर प्रयास कर रहा है। इसी के तहत पुरानी रेलिंग को बदलकर नई लगाई जा रही है।

रामगढ़ताल।

ताल के पानी से ऊपर दिखेगी दर्शक दीर्घाजीडीए के आर्किटेक्ट मनीष मिश्रा का कहना है कि दीर्घा का क्षेत्रफल पर्याप्त रखा गया है। युवा वर्ग ताल के नजदीक बैठना चाहता है, इसे देखते हुए इसका निर्माण किया जाएगा। छह मीटर लंबाई रखने से दीर्घा एकदम पानी के ऊपर नजर आएगी। इसकी मजबूती का ध्यान रखा जा रहा है। एक दर्शक दीर्घा में 12 पिलर लगाए जाएंगे। ऊपर गोल आकार में बैठने की जगह होगी और चारों ओर रेलिंग लगी रहेगी। दीर्घा की सतह पर खूबसूरत ग्रेनाइट लगा रहेगा।

जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह।

जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने कहा कि रामगढ़ताल के किनारे नई आकर्षक रेलिंग लगाने का काम चल रहा है। साथ ही ताल के किनारे पांच दर्शक दीर्घा का निर्माण किया जाएगा। इस पर करीब 21 लोग एक साथ बैठ सकेंगे। रेलिंग के किनारे फुटपाथ बनाने की योजना है। तीन महीने में दोनों परियोजनाएं पूरी हो जाएंगी।