हिमाचल DFO के वाहन से मिली एक लाख 7 हजार की नकदी, विजिलेंस ने की कार्रवाई

बिलासपुर, 22 अक्तूबर : हिमाचल प्रदेश स्टेट  विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने बिलासपुर में वन मंडल अधिकारी (DFO) के वाहन से एक  लाख 7 हजार की नकदी बरामद की है। ब्यूरो को गोपनीय सूचना मिली थी कि वन मंडल अधिकारी के वाहन से कैश की बरामदगी हो सकती है।

इसके बाद विजिलेंस की टीम ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया। नाकाबंदी के दौरान डीएफओ के वाहन को रोक कर तलाशी ली गई। तलाशी में वाहन से एक लाख 7 हजार की राशि बरामद हुई है।  विजिलेंस की टीम ने कैश बरामदगी को लेकर चुनाव आयोग को सूचित किया है। साथ ही राशि को जब्त कर लिया है।

         बता दें कि प्रदेश में चुनाव आचार संहिता लागू होने की वजह से इस समय 50 हजार तक की राशि को ही साथ रखने की अनुमति है। इससे अधिक राशि को रखने की वजह स्पष्ट करना अनिवार्य है। जानकारी के मुताबिक वन मंडल अधिकारी इस नकदी के बारे में विजिलेंस की टीम को कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। लिहाजा विजिलेंस ने कैश को कब्जे में लिया है।

           उधर स्टेट विजिलेंस एंड करप्शन ब्यूरो के मंडी एसपी राहुल नाथ ने  पुष्टि करते हुए कहा कि राशि को जब्त  किया गया है। इसको लेकर वेरिफिकेशन जारी है। उन्होंने कहा कि शनिवार शाम विजिलेंस ने  यह कार्रवाई की है।