जवाली में अफीम की खेती; आम के बागीचे में उगाए गए थे पौधे, पुलिस ने उखाड़ फैंके

पुलिस थाना जवाली के तहत अफीम की खेती करने पर एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। प्राप्त जानकारी अनुसार जवाली पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मदन सिंह पुत्र बलदेव सिंह निवासी सिद्धपुरघाड़ ने अपनी मलकीयती भूमि में अफीम के पौधों की खेती कर रखी है, जिस पर जवाली पुलिस ने टीम बनाकर मदन सिंह के रिहायशी मकान के साथ लगते आम के बागीचे में दबिश दी जहां पर कुछ आम के पेड़ों के साथ अलग-अलग स्थानों पर अफीम के पौधे पाए गए।

पुलिस ने उपरोक्त पौधों को उखाड़कर कब्जे में ले लिया है। डीएसपी जवाली सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मदन सिंह के खिलाफ बिना लाइसेंस/परमिट के 312 अफीम के पौधों की खेती करने की एवज में धारा 18 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकद्दमा दर्ज किया है।