दर्दनाक : दूध दोहते वक्त गाय की लात लगने से महिला की मौत, शिलाई में घटित हुआ मामला

उपमंडल की कांडो भटनोल पंचायत में गाय का दूध निकालने के दौरान गाय की लात लगने से महिला की दर्दनाक मौत हो गई है। हुआ यूं कि शुक्रवार सुबह 45 वर्षीय पलका देवी गौशाला में गाय का दूध निकालने गई थी। इसी दौरान गाय ने महिला को लात मार दी।

महिला मौके पर ही बेहोश हो गई, जिन्हें परिजन तुरंत शिलाई अस्पताल ले गए। यहां से महिला को पांवटा साहिब अस्पताल रैफर कर दिया गया, लेकिन सिर पर आए जख्मों का ताप न सहते हुए महिला ने बीच रास्तें में ही दम तोड़ दिया।

कांडो भटनोल पंचायत की प्रधान सरिता देवी ने पुष्टि करते हुए बताया कि गाय का खुर लगने के बाद पलका देवी गंभीर रूप से घायल हो गई थी। जिनकी पांवटा अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई है। पलका देवी अपने पीछे चार बेटियां व एक बेटे को छोड़ गई हैं। महिला की अकस्मात मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।

गौरतलब है कि हाल ही में कोलर पंचायत में एक बुजुर्ग महिला की हाथी के हमले में मौत हो गई थी। घटना के कई रोज बाद भी पांवटा साहिब घाटी में दहशत फैली हुई है।