पाक, मस्क, पुतिन, मोदी… इस हफ्ते की वे 3 बड़ी खबरें, जिन्होंने किसी को खुश तो किसी का दिल तोड़ दिया

Vladimir Putin on PM Modi: इस हफ्ते तीन ऐसी बड़ी खबरें आई हैं जिसे लेकर पक्ष और विपक्ष में जमकर वार-पलटवार हुए हैं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के पीएम मोदी की तारीफ पर बीजेपी के विरोधियों ने कई सवाल उठाए। वहीं, एलन मस्क के ट्विटर खरीदने को लेकर भी कई शंकाओं वाली प्रतिक्रिया सामने आई है।
नई दिल्ली: अक्टूबर महीने का आखिरी हफ्ता कई लिहाज से अहम रहा है। पहला, क्रिकेट टी-20 विश्वकप में भारत ने अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को बेहद रोमांचक मुकाबले में हरा दिया। दूसरा, यूक्रेन युद्ध के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत की जमकर तारीफ की है। रूसी राष्ट्रपति ने भारत की तटस्थ विदेश नीति को जमकर सराहा था। तीसरा, लंबी जद्दोजहद के बाद टेस्ला के मालिक एलन मस्क ने ट्विटर को खरीद लिया। इन खबरों पर सोशल मीडिया अलग-अलग तरीके से रिएक्शन आए। इन खबरों ने कुछ लोगों का दिल तोड़ दिया तो किसी को खुश कर दिया। इन खबरों पर कहीं खुशी तो कहीं गम का माहौल रहा।


टी-20 विश्वकप में भारत की बंपर जीत

23 अक्टूबर को भारत और पाकिस्तान के बीच टी-20 विश्वकप में जोरदार मुकाबला खेला गया। इस मैच में भारत ने विराट कोहली के करिश्माई प्रदर्शन की बदौलत अपने चिर प्रतिद्वंद्वी को हरा दिया था। इस जीत के बाद भारतीय फैन्स जहां जश्न में डूब गए वहीं पाकिस्तानी दर्शकों में जबरदस्त निराशा छा गई थी। सोशल मीडिया इस हार के बाद भारतीय फैन्स ने पड़ोसी देश के जमकर मजे लिए थे। ट्विटर पर तीन-चार दिन तक भारत की जीत का जश्न मना था। भारत की जीत पर जहां देश में दिवाली मनी थी वहीं पाकिस्तान में इतनी करीबी हार पर मातम का माहौल था। इस करीबी हार से पाकिस्तान फैन्स का दिल टूट गया था।भारतीय विदेश नीति की पुतिन की वाहवाही

यूक्रेन युद्ध के बीच भारत ने अमेरिका समेत पूरे पश्चिमी जगत के दबाव के बीच अपनी स्वतंत्र विदेश नीति को बनाए रखा। भारत की विदेश नीति की रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को जमकर तारीफ की थी। रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने पीएम मोदी की प्रशंसा करते हुए उन्हें एक सच्चा देशभक्त बताया। पुतिन ने कहा कि पीएम मोदी उन लोगों में से एक हैं जो अपने देश के हित के लिए स्वतंत्र विदेश नीति को चुनने का दम रखते हैं। उन्होंने कहा कि दशकों से भारत और रूस के बीच विशेष संबंध विकसित हुए हैं। दोनों देशों के बीच कोई भी बचा हुआ मुद्दा नहीं है। रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने ये बातें मॉस्को में वल्दाई डिस्कशन क्लब की 19वीं वार्षिक बैठक में कही। उन्होंने आगे कहा था, ‘भारत ने ब्रिटेन के उपनिवेश से आधुनिक राज्य बनने के बीच जबरदस्त प्रगति की है। इसने ऐसे विकास किए हैं जो भारत के लिए सम्मान और प्रशंसा का कारण बनते हैं।’ पीएम मोदी की तारीफ करते हुए उन्होंने आगे कहा, ‘पीएम मोदी के नेतृत्व में पिछले वर्षों में बहुत कुछ किया गया है। स्वाभाविक रूप से वह एक देशभक्त हैं। मेक इन इंडिया के लिए उनका विचार आर्थिक और नैतिक दोनों रूप से मायने रखता है।’ पुतिन की इस तारीफ पर जहां भारत में दक्षिणपंथी धड़े जमकर खुश हुए वहीं विरोधी खेमे ने पुतिन के बयान को तवज्जो नहीं देने की वकालत की। ट्विटर पर दोनों पक्ष पुतिन के बयान को लेकर जमकर एक-दूसरे पर ताना कसते नजर आए।

शुक्रवार को तमाम जद्दोजहद के बीच मस्क ने ट्विटर को खरीद लिया। डील पूरी होने के तुरंत बाद मस्क एक्शन में भी आ गए। उन्होंने कंपनी के भारतीय मूल के सीईओ पराग अग्रवाल (Parag Agrawal) और दो अन्य टॉप अधिकारियों की छुट्टी कर दी। पराग के अलावा कंपनी की पॉलिसी हेड विजया गाड्डे और चीफ फाइनेंसियल ऑफिसर नेड सेगल को कंपनी से निकाल दिया। मस्क के इस फैसले पर जहां कुछ लोगों के दिल टूट गए वहां कुछ लोग खुशी से बाग-बाग हो गए। सोशल मीडिया पर तो चर्चा ये भी होने लगी कि अब यहां वामपंथी रुझान वाले लोगों के लिए मुश्किल आने वाली है जबकि दक्षिणपंथियों का दबदबा होगा। हालांकि, ऐसा होगा या नहीं ये तो आने वाला समय ही बता पाएगा लेकिन ट्विटर पर किंतु-परंतु जरूर चल रहा है।