Pakistan: पाकिस्तान में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने पुलिसकर्मी के नाक, कान और होंठ काट दिए। आरोपी को शक था कि पुलिसकर्मी और उसकी पत्नी का अवैध संबंध है। आरोपी का कहना है कि पुलिसकर्मी ने उसकी पत्नी को धमकी देकर उसका वीडियो बनाया और फिर ब्लैकमेल करने लगा।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘इफ्तिखार को संदेह था कि हयात का उसकी पत्नी के साथ संबंध है। उसने अपने 12 साथियों के साथ मिलकर घर लौटते समय हयात का अपहरण कर लिया और उसे सुनसान स्थान पर ले गए, जहां उसे गंभीर यातनाएं दी गईं और धारदार हथियार से उसके शरीर के अंग काट दिए।’ कांस्टेबल को झांग के जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पिछले महीने दर्ज कराया था केस
पिछले महीने, इफ्तिखार ने कांस्टेबल हयात के खिलाफ पाकिस्तान दंड संहिता (पीपीसी) की धारा 354 (महिला पर हमला), 384 (जबरन वसूली) और 292 (अश्लीलता) के तहत मामला दर्ज कराया था। इफ्तिखार ने दावा किया था कि हयात ने उसके बेटे को जान से मारने की धमकी देते हुए पत्नी को अवैध संबंध बनाने के लिए मजबूर किया था।
पत्नी को किया ब्लैकमेल
इफ्तिखार ने कहा था कि जब उसकी पत्नी हयात से मिली, तो उसने उसे यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर किया और इस कृत्य का वीडियो भी बनाया और बाद में उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पुलिस ने बताया कि इफ्तिखार और उसके साथियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।