PCB Controversy: शाहिद अफरीदी ने खोली थी पीसीबी की पोल, अब अध्यक्ष रमीज राजा ने उनकी बातों को बताया ‘बकवास’

PCB Controversy: पाकिस्तान क्रिकेट में अभी जमकर बवाल चल रहा है। टीम के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने आरोप लगाया था कि बोर्ड तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी के रिहैब का खर्च नहीं उठा रही है। इस मामले में बोर्ड अध्यक्ष रमीज राजा का बयान आया है।

afridi raja

लाहौर: पाकिस्तान क्रिकेट में अभी सब कुछ सही नहीं चल रहा है। टीम के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी (Shahid Afridi) ने इस हफ्ते की शुरुआत में बड़ा विवाद खड़ा कर दिया था। उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) पर अपने स्टार पेसर शाहीन अफरीदी (Shaheen Afridi) की अनदेखी करने का आरोप लगाया था। उन्होंने बताया कि शाहीन अपने खर्च पर लंदन में रिहैब कर रहे हैं। इस दावे के बाद, वसीम अकरम जैसे अन्य दिग्गज क्रिकेटरों ने भी बोर्ड पर निशाना साधा। इसके बाद पीसीबी प्रमुख रमीज राजा ने विवादों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

रमीज राजा ने रखा अपना पक्ष
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष ने इस मामले पर बात करते हुए कहा, ‘आप कैसे सोच सकते हैं कि पीसीबी शाहीन अफरीदी को नजरअंदाज कर सकता है? यह मेरी समझ से परे है। यह एक दुर्भाग्यपूर्ण विवाद है। जब मोहम्मद रिजवान पिछले साल टी20 विश्व कप के दौरान बीमार पड़ गए थे, तो हमारे डॉक्टरों के पैनल ने सब कुछ करते यह सुनिश्चित किया कि वह खेलें। खिलाड़ी हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण हैं। उनके रहने या होटल के कमरे के संबंध में कुछ मुद्दे रहे होंगे, लेकिन हमने शाहीन को अधर में नहीं छोड़ा है।’

उन्होंने इस मामले पर आगे कहा- शाहीन अफरीदी मामले को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। मुझे समझ नहीं आता कि कोई कैसे कह सकता है कि हम अपने खिलाड़ियों का ख्याल नहीं रख रहे हैं। वह (शाहीन) अपने रिहैब के लिए इंग्लैंड में हैं, चीजें वैसे ही काम करेंगी जैसे उन्हें करना चाहिए। हम अपने खिलाड़ियों को इस तरह कभी नहीं छोड़ते। यह एक बकवास विवाद है। वह विश्व कप के लिए उपलब्ध रहेंगे।

शाहिद अफरीदी ने क्या कहा था
शाहिद अफरीदी ने एक इंटरव्यू में कहा था कि शाहीन अपने खर्चे पर इंग्लैंड गए हैं। पीसीबी उनकी कोई मदद ने कर रहा। उन्होंने एक टीवी चैनल पर कहा, ‘शाहीन अफरीदी अपने पैसे से फ्लाइट लेकर इंग्लैंड गए। वह वहां वो अपने पैसे खर्च करके रह रहे हैं। मैंने उनके लिए डॉक्टर का प्रबंध किया और शाहीन ने उससे संपर्क किया। पीसीबी इस पूरे मामले में कुछ भी नहीं कर रहा है। जहां तक मुझे पता है शाहीन खुद से ही वहां सबकुछ कर रहा है।’