PM Modi Live: देश की नारी शक्ति ने नया विश्वास पैदा किया है, श्योपुर में बोले पीएम मोदी

Madhya Pradesh News Live Updates: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं। एक ऐतिहासिक कार्यक्रम में पीएम मोदी नामीबिया से आए 8 चीतों को श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क में छोड़ा। देश में करीब सात दशक बाद चीतों की वापसी हुई है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। इस मौके पर प्रधानमंत्री मध्य प्रदेश पहुंचे हैं, जहां उन्होंने श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क में चीतों को बाड़े में छोड़ा। इस दौरान उन्होंने ‘स्वयं सहायता समूह सम्मेलन’ को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि जिस भी सेक्टर में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ा है, उस क्षेत्र में, उस कार्य में सफलता अपने आप तय हो जाती है। स्वच्छ भारत अभियान की सफलता इसका बेहतरीन उदाहरण है, जिसको महिलाओं ने नेतृत्व दिया है। पढ़ें अपडेट्स

  • 03:06 PM,Sep 17 2022

    आज मैं अपनी मां के पास नहीं जा सका लेकिन… देखिए क्या बोले पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने श्योपुर में कहा कि अगर मेरे जन्मदिन पर कोई कार्यक्रम नहीं रहता तो मैं अपनी मां का पास जाता, उनके चरण छू करके आशीर्वाद लेता। आज मैं अपनी मां के पास नहीं जा सका लेकिन आज जब मेरी मां देखेगी कि मध्य प्रदेश के आदिवासी अंचल की लाखों माताएं मुझे आशीर्वाद दे रही हैं, तो उनको जरूर संतोष होगा। मेरे लिए देश की माताएं, बहनें, बेटियां मेरा सबसे बड़ा रक्षा कवच हैं। शक्ति का श्रोत हैं, मेरी प्रेरणा हैं।
  • 01:52 PM,Sep 17 2022

    पीएम मोदी बोले- जिस भी सेक्टर में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ा, उसमें सफलता अपने आप तय हो जाती है

    पीएम मोदी ने श्योपुर में कहा कि जिस भी सेक्टर में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ा है, उस क्षेत्र में, उस कार्य में सफलता अपने आप तय हो जाती है। स्वच्छ भारत अभियान की सफलता इसका बेहतरीन उदाहरण है, जिसको महिलाओं ने नेतृत्व दिया है।
  • 01:45 PM,Sep 17 2022

    अब 75 साल बाद चीता फिर से लौट आया है: पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कहा कि मुझे आज इस बात की भी खुशी है कि भारत की धरती पर अब 75 साल बाद चीता फिर से लौट आया है। अब से कुछ देर पहले मुझे कुनो नेशनल पार्क में चीतों को छोड़ने का सौभाग्य मिला। पिछली शताब्दी के भारत और इस शताब्दी के नए भारत में एक बहुत बड़ा अंतर हमारी नारी शक्ति के प्रतिनिधित्व के रूप में आया है। आज के नए भारत में पंचायत भवन से लेकर राष्ट्रपति भवन तक नारीशक्ति का परचम लहरा रहा है।
  • 01:43 PM,Sep 17 2022

    श्योपुर महिला स्वयं सहायता समूह सम्मेलन में पीएम मोदी, विश्वकर्मा पूजा की दी शुभकामनाएं

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्योपुर महिला स्वयं सहायता समूह सम्मेलन में हिस्सा लिया और विकास केंद्रों का उद्घाटन किया। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि विश्वकर्मा जयंती पर स्वयं सहायता समूहों का इतना बड़ा सम्मेलन, अपने आप में बहुत विशेष है। मैं आप सभी को, सभी देशवासियों को विश्वकर्मा पूजा की भी शुभकामनाएं देता हूं।
  • 01:40 PM,Sep 17 2022

    कूनो में चीता छोड़ने का सौभाग्य मिला, बोले पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्योपुर में कहा कि जन्मदिन के दिन मां के पास जाने की कोशिश होती है। लेकिन मैं आज श्योपुर में माताओं के पास आया हूं। आज देश में चीता फिर से लौट आया है। कूनो में चीता छोड़ने का सौभाग्य मिला।