बिलासपुर, चंबा, सुजानपुर आएंगे प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा कोर ग्रुप में पीएम के दौरों पर चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विधानसभा चुनाव से पहले हिमाचल में बिलासपुर चंबा और सुजानपुर का दौरा करेंगे। बिलासपुर में वह नए बने एम्स के भव्य परिसर को देखने आएंगे, जबकि चंबा में बिजली परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास का कार्यक्रम प्रस्तावित है। हिमाचल भाजपा सुजानपुर मैदान में भी युवा मोर्चा की एक बड़ी रैली करवाने जा रही है, जिसमें एक लाख युवाओं को लाने का लक्ष्य है। इसमें भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ही बुलाया जाएगा। ये सारी रैलियां विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले होंगी। भाजपा कोर ग्रुप की बैठक प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप की अध्यक्षता में गुरुवार सुबह होटल पीटरहॉफ में शुरू हुई। इसमें मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के अलावा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह और हिमाचल प्रभारी अविनाश राय खन्ना के अलावा संगठन महामंत्री पवन राणा, तीनों महामंत्री और अन्य कोर ग्रुप सदस्य शामिल हुए।

बैठक शाम तक चली। सुरेश कश्यप ने कहा कि दो रोज पहले ही हिमाचल भाजपा ने चुनाव संचालन समिति का अध्यक्ष मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को और चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल को बनाया है। प्रधानमंत्री के हिमाचल दोनों को लेकर चर्चा कंपलीट हो गई है और अन्य मामले भी चुनाव से संबंधित चर्चा में लिए गए हैं। सितंबर के महीने में एक एलईडी वैन प्रदेश में चलाने को लेकर भी निर्णय हुआ है, जिसमें सरकार की उपलब्धियों को लोगों के बीच रखा जाएगा। सुरेश कश्यप ने कि एम्स प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का सबसे बड़ा ड्रीम प्रोजेक्ट है। इसे तेज गति से बनाया जा रहा है और समय से पहले पूरा कर लिया जाएगा। प्रधानमंत्री जल्द ही भाजयुमो की रैली को भी संबोधित करेंगे, हमने इसके लिए पीएम को आमंत्रित किया है।

नाराज नेताओं को मनाएंगे

कोर ग्रुप में इस मामले में भी चर्चा हुई कि जिन चुनाव क्षेत्रों में कांग्रेस से भाजपा में आने वाले नेताओं के कारण भाजपा कार्यकर्ता नाराज हैं, उन्हें मनाया जाएगा। इसके लिए पार्टी डैमेज कंट्रोल की रणनीति अपनाएगी। पार्टी के बड़े नेता जल्दी ही कांगड़ा व नालागढ़ का भी दौरा करने जा रहे हैं।