PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह के बयान पर सूबे में मचा राजनीतिक बवाल

पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह द्वारा मंडी दौरे के दौरान दिए बयान पर सूबे में राजनितिक बवाल मच गया है। विक्रमादित्य सिंह ने जिला की नगर परिषद सुंदरनगर में निर्माणाधीन बहुउद्देशीय इंडोर स्टेडियम को एक करोड़ बीस लाख की राशि प्रदेश सरकार द्वारा जारी करने की जानकारी दी थी। लेकिन इस स्वीकृत राशि को लेकर प्रदेश भाजपा महामंत्री एवं विधायक राकेश जंवाल ने विक्रमादित्य सिंह को आड़े हाथों लेते हुए पलटवार किया है।

उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में ही बहुउद्देश्यीय इंडोर स्टेडियम का शिलान्यास कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया था। लेकिन इस धनराशि को प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वारा जारी किए जाने का झूठा बयान देकर विक्रमादित्य सिंह जनता को गुमराह कर रहे हैं।

विधायक राकेश जंवाल ने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार द्वारा जयराम ठाकुर के नेतृत्व में सुंदरनगर में खेलों को बढ़ावा और नशे से दूर रखने के लिए साढ़े दस लाख रुपयों की लागत से बहुउद्देश्यीय इंडोर स्टेडियम का शिलान्यास कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया था। इसमें साढ़े चार करोड़ रूपयों की प्रशासनिक स्वीकृति भारत सरकार से मिल गई थी। इंडोर स्टेडियम के निर्माण में कुछ राशि केंद्र व कुछ प्रदेश सरकार से जारी होनी थी।

राकेश जम्वाल ने कहा कि पूर्व सरकार के दौरान समय-समय पर इंडोर स्टेडियम के निर्माण के लिए धनराशि भी जारी हुई थी। इसके तहत पूर्व सरकार द्वारा अगस्त 2022 तक इंडोर स्टेडियम के निर्माण में 3 करोड़ 65 लाख रुपयों का बजट खर्च किया गया था। लेकिन भारत सरकार की ओर से अभी राशि आनी शेष थी।

इस राशि को लेकर केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से मिलकर राशि जारी करने का आग्रह किया था। राकेश जंवाल ने कहा कि अब केंद्र सरकार द्वारा निर्माणाधीन बहुउद्देशीय इनडोर स्टेडियम को 4 करोड़ 50 लाख की कुल ग्रांट के तहत 1 करोड़ 12 लाख 50 हजार रूपये की राशि की पहली किश्त जारी कर दी गई है।