मनाली के धर्म चन्द ठाकुर को सामाजिक कार्य के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार

शिमला, 24 सितंबर  : युवा सेवा एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा हर वर्ष 46 लाख स्वयंसेवक व कार्यक्रम अधिकारियों में से सामाजिक कार्य के लिए 30 स्वयंसेवकों व 10 कार्यक्रम अधिकारियों को राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है। इस वर्ष यह सम्मान हिमाचल के NSS कार्यक्रम अधिकारी धर्म चन्द ठाकुर को  दिया गया। देश के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा उन्हें राष्ट्रपति भवन में उन्हें यह पुरस्कार दिया गया।

      धर्म चंद हिमाचल प्रदेश के राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मनाली में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) कार्यक्रम अधिकारी  है। उनकी इस उपलब्धि से हिमाचल एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।  उन्हें इस पुरस्कार में भारत सरकार द्वारा प्रशस्ति पत्र व रजत पदक सहित डेढ़ लाख की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई है। इसके अलावा राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई विद्यालय को दो लाख की राशि प्रदान की गई है।

धर्म चन्द ठाकुर का शिक्षा के साथ-साथ समाजिक कार्य को बढ़ावा देने में अहम योगदान रहा है। धर्म चन्द ठाकुर ने अपने विद्यार्थियों के साथ कोरोना काल में स्वयं द्वारा बनाए गए मास्क को मनाली विधानसभा के गांव-गांव में वितरित किए। साथ ही प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री राहत कोष में धन एकत्रित कर दान किया। प्रधानमंत्री व सरकार की योजनाओं को गांव गांव में लोगों तक पहुंचाना, पौधारोपण, रक्तदान शिविर जागरूकता शिविर जैसे सामाजिक कार्यों में भी उनका योगदान रहा।

धर्म चन्द ठाकुर के शिष्य आज देश-प्रदेश में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) का गौरव ऊंचा कर रहे हैं। जिसमें से 3 स्वयंसेवकों ने हिमाचल का प्रतिनिधित्व दिल्ली गणतंत्र दिवस शिविर में कर चुके है। वह स्वयं भी 2016 में कंटिजेंट इंचार्ज के तौर पर हिमाचल, चंडीगढ़, पंजाब का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इनके अलावा विद्यार्थी सुमित ठाकुर को वर्ष 2020 में राष्ट्रपति पुरस्कार मिला है।

         इस पुरस्कार समारोह में युवा सेवा एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, राज्य मंत्री नितिश पैरामैनिक, युवा सेवाएं व खेल मंत्रालय के अधिकारी, राष्ट्रीय सेवा योजना के अधिकारी व परिवार के सदस्य मौजूद रहे।