Priyanka Singh: गाने से रोका, माइक छीना.. थावे महोत्सव में प्रियंका के साथ हुई बदतमीजी, सपोर्ट में आईं अक्षरा

गोपालगंज में थावे महोत्सव के पहले ही दिन सिंगर प्रियंका सिंह की सरेआम बेइज्जती कर दी गई। उन्हें ना सिर्फ गाना गाने से बीच में रोका गया बल्कि माइक भी छीन लिया गया। इस घटना के बाद सिंगर स्टेज पर ही फूट- फूटकर रोने लगीं। अब भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह ट्विटर के जरिए प्रियंका के सपोर्ट में आई हैं।

bhojpuri singer priyanka singh
प्रियंका सिंह- अक्षरा सिंह
इन दिनों भोजपुरी गानों की तूती बोल रही है। वहीं, इस इंडस्ट्री में जिन फीमेल सिंगर्स का राज चलता है उनमें शिल्पी राज और प्रियंका सिंह का नाम शामिल है। हर दूसरे हिट गाने में इन दोनों में से ही किसी एक का नाम नजर आता है। इतना बड़ा नाम होने के बावजूद प्रियंका सिंह को एक लाइव शो में अपमानित होना पड़ा। प्रियंका को ना सिर्फ परफॉर्म करने से रोका गया बल्कि उनका माइक भी छीन लिया गया। इस पूरे घटना का वीडियो अब इंटरनेट पर वायरल हो गया है। वहीं, भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह ने प्रियंका के सपोर्ट में ट्वीट कर शो की एंकर को जमकर लताड़ा है।

क्या है पूरा मामला

दरअसल, बिहार के गोपालगंज जिला में दो दिवसीय थावे महोत्सव का आयोजन किया गया। जिसके पहले दिन ही भोजपुरी सिंगर प्रियंका सिंह का कार्यक्रम रखा गया था। प्रियंका के मंच पर आते ही फैंस ने तालियों का गड़गड़ाहट से उनका खूब स्वागत किया गया। लेकिन, जब सिंगर अपनी परफॉर्मेंस दे रही थी उसी बीच एंकर रुपम त्रिविक्रम ने उन्हें गाना गाने से रोक दिया। प्रियंका ने एंकर से कहा कि वह सिर्फ दो मिनट कुछ बोलना चाहती हूं। लेकिन एंकर उनकी बात को नजरअंदाज कर डीएम को मंच पर बुलाने लगी।

माइक छीन लिया

एंकर रुपम मंच पर प्रियंका को सम्मानित करने के लिए ही डीएम को बुला रही थीं, लेकिन वीडियो में नजर आ रहा उनका व्यवहार साफतौर से आपत्तिजनक था। उसी दौरान एक शख्स मंच पर आता है और प्रियंका के हाथ से माइक छीन लेता है। जिसके बाद प्रियंका ने जबरदस्ती उस शख्स के हाथ से माइक लिया और लाइव शो में फूट- फूटकर रोने लगीं।

क्या बोलीं प्रियंका

प्रियंका ने मंच पर कहा, ‘यह सही नहीं है। मेरे साथ सही नहीं किया गया। ऐसे किसी कलाकार की बेइज्जती नहीं होनी चाहिए कि कोई कलाकार गा रहा हो और बार- बार बीच में.. मैं गाने के लिए मर नहीं रही हूं। बहुत सारे मंच हैं गाने के लिए। जिला प्रशासन आपने बहुत गलत किया। बहुत ही गंदा एक्सपीरिएंस है मेरा।’ प्रियंका ने आगे कहा कि इसका न्याय थावे वाली मां करेंगी। इस घटना के बाद से ही लोगों में जिला प्रशासन के खिलाफ आक्रोश देखने को मिल रहा है।

अक्षरा सिंह ने दिया साथ

प्रियंका सिंह के साथ हुई इस घटना के बाद भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह भी उनके सपोर्ट में सामने आई हैं। अक्षरा ने प्रियंका के वायरल वीडियो को शेयर करते हुए अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, ‘एक कलाकार के साथ इतना गिरा हुआ व्यवहार बहुत निंदनीय है। बहुत भाग्य से ईश्वर किसी को कलाकार के रूप में जन्म देते है। अभद्रता की पराकाष्ठा। कहने को सभ्य समाज की महफिल पर अभद्रता की पराकाष्ठा। देखिए कैसे अपने प्रभाव का खुद तमाशा दिखा रहे ये लोग भुल गए की मंच की मर्यादा और एक लड़की, उससे पहले कलाकार की इज्जत सरेआम कर रहे हैं। जब भी किसी भी कलाकार की बात आएगी तो मैं ऐसे पढे़- लिखे जाहीलो का खुल के विरोध करूंगी। स्टेज पे माइक छीन रही ये औरत भी शायद ये भूल गई हैं की एक औरत होके औरत का अपमान कर रही हैं। धिक्कार है। मेरा विरोध है ऐसे आयोजको का।’