प्रोफेसर शशि कुमार बने तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर के नए कुलपति

 तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर में नए कुलपति की नियुक्ति हो गई है। प्रोफेसर शशि कुमार को तकनीकी विवि हमीरपुर का नया कुलपति बनाया गया है। इस सम्बंध में राज्यपाल ने अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना के मुताबिक शशि कुमार को पदभार ग्रहण की तिथि से तीन साल के लिए नए स्थाई कुलपति के रूप में नियुक्त किया गया है। 

प्रो. शशि कुमार हिमाचल प्रदेश विवि में फिजिक्स के प्रोफेसर हैं। उनका लंबा शैक्षणिक अनुभव है। वह जवाहर लाल नेहरू विवि दिल्ली और इग्नो में असिस्टेंट प्रोफेसर रह चुके हैं। प्रो. शशि कुमार मूल रूप से कांगड़ा जिला के पालमपुर के निवासी हैं। उनकी नियुक्ति से हिमाचल विवि के कर्मचारीगण व पालमपुर में हर्ष का माहौल है। 

बता दें कि तकनीकी विवि के कुलपति प्रो. एसपी बंसल ने जुलाई 2021 में पद छोड़ा था। बंसल की केंद्रीय विवि के कुलपति पद पर नियुक्ति हुई है। उसके बाद तकनीकी विवि के कुलसचिव अनुपम ठाकुर को कार्यकारी कुलपति बनाया गया। कुछ समय बाद सरकार ने कुलसचिव को कार्यकारी कुलपति पद से हटाकर तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव ओंकार चंद शर्मा को कुलपति नियुक्त कर दिया।

बाद में ओंकार चंद शर्मा से तकनीकी शिक्षा विभाग का कार्यभार वापस लेकर डॉ. रजनीश को तकनीकी शिक्षा विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया था, और वह कार्यकारी कुलपति का कार्यभार देख रहे थे।