Rajasthan: चाय पी रहे तीन लोगों को यूपी पुलिस की कार ने कुचला, दो की मौत, आरोप-शराब के नशे में थे जवान

मृतकों के परिजनों ने बताया कि कार में उत्तर प्रदेश पुलिस के दरोगा और कांस्टेबल सवार थे। वे लोग शराब के नशे में थे। हालांकि, पुलिस ने इस जानकारी से इनकार किया है।

मृतक जावेद

अलवर में एक कार ने शुक्रवार की शाम तीन लोगों को कुचल दिया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक गंभीर घायल जिंदगी मौत से जंग लड़ रहा है। मृतक और घायल सभी उत्तर प्रदेश के निवासी हैं।

मीडिया रिपोर्टस के अनुसार मामला अलवर के राजगढ़ के बांदीकुई रोड का है। उत्तर प्रदेश के रहने वाले तीन लोग चाय पीने के लिए दुकान पर रुके, तभी पीछे एक तेज रफ्तार गाड़ी ने उन्हें कुचल दिया। दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं एक गंभीर घायल को जयपुर रेफर किया गया है। कार में उत्तर प्रदेश पुलिस के एक दरोगा और कांस्टेबल सवार थे। दुर्घटना के बाद पुलिस ने गाड़ी को जब्त कर लिया है।

राजगढ़ थाना प्रभारी राजेश वर्मा के अनुसार शुक्रवार की शाम बाइक पर बर्तन बेचने वाले तीन लोग चाय पी रहे थे। तभी कार ने उन्हें कुचल दिया। इस हादसे में उत्तर प्रदेश के शामली निवासी 23 वर्षीय फिरोज खान की मौत हो गई। कलीम की हालत गंभीर होने कारण उसे जयपुर रेफर किया गया है। शनिवार को पोर्स्टमार्टम कराकर मृतकों का शव परिजनों को सौपा जाएगा। मृतक फिरोज खान अविवाहित था। जबकि जावेद के दो बच्चे हैं। कलीम के भी दो बच्चे हैं।

मृतकों के परिजनों का आरोप है कि कार में सवार दरोगा और कांस्टेबल शराब के नशे में थे। हालांकि, पुलिस ने इस तरह की जानकारी से इनकार किया है। आरोपियों को भी चोट आई है। उनके मेडिकल के बाद ही पता चल पाएगा कि उन्होंने शराब पी थी या नहीं।