Ramdev news: पहले यादव लिखने में हिचकते थे, मुलायम ने दिलाया यदुवंशियों को सम्‍मान, सैफई में बोले रामदेव

Baba Ramdev in saifai: बाबा रामदेव भी सैफई में मुलायम सिंह यादव को अपनी श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। वह अखिलेश के साथ काफी देर तक रहे। बाद में उन्‍होंने मुलायम सिंह के योगदान पर चर्चा करते हुए उन्‍हें यादवों का गौरव बढ़ाने वाला नेता बताया।

सैफई: समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव (mulayam singh yadav news) के पार्थिव शरीर को सैफई स्थित उनके आवास से अंत्‍येष्टि स्‍थल सैफई के मेला ग्राडंड में वाहन पर राजकीय सम्‍मान के साथ ले जाया गया। उस समय उस सजे हुए वाहन पर योग गुरु बाबा रामदेव (Baba Ramdev in saifai) भी अखिलेश यादव के साथ मौजूद थे। उन्‍होंने अखिलेश यादव का हाथ अपने हाथों में ले रखा था। रामदेव इस तरह अखिलेश को ढांढस बंधाते दिखे। बाद में बाबा रामदेव ने मुलायम सिंह यादव को यदुवंशियों का सम्‍मान बढ़ाने वाला नेता बताया।

रामदेव ने कहा, यदुवंशियों को गौरव मुलायम सिंह यादव ने ही दिलाया है। आज से 40 साल पहले लोग अपने नाम के साथ यादव नहीं ल‍िखा करते थे। आज ऐसा नहीं है, यह गौरव मुलायम सिंह यादव ने ही दिलाया है।’ उन्‍होंने आगे कहा, ‘मुलायम सिंह केवल यूपी तक सीमित नहीं थे। वह हमेशा पिछड़े वर्ग को साथ लेकर चलते थे। करीब 20 साल पहले वह हर‍िद्वार आए और पतंज‍लि योगपीठ का उद्घाटन किया था। हमने जो भी लड़ाइयां लड़ी उनमें नेताजी ने हमेशा सहयोग किया। राजनीति उनके लिए महज एक सीढ़ी थी, उससे आगे बढ़कर उन्‍होंने अपने लोकधर्म और राजधर्म का पालन किया।’

रामदेव के अलावा सैफई पहुंचकर मुलायम सिंह यादव के अंतिम दर्शन करने और उनके अंतिम संस्‍कार में शामिल होने के बहुत से राजनेता आए थे। इनमें सभी दलों के नेता थे। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी सांसद वरुण गांधी, उनकी मां मेनका गांधी, कांग्रेस नेता अशोक गहलोत, प्रमोद तिवारी, मल्लिकार्जुन खड़गे, यूपी के दोनों उप मुख्‍यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, बिहार के उप मुख्‍यमंत्री तेजस्‍वी यादव, सपा सांसद और अभिनेत्री जया बच्‍चन, अभिषेक बच्‍चन प्रमुख थे।