सामाजिक सुरक्षा पेंशन में मंडी जिला में रिकॉर्ड कार्य, 5 वर्षों में 55 हजार से ज्यादा लाभार्थी

मंडी, 16 सितंबर : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन लगवाने के मामले में बीते कई वर्षों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। मंडी जिला में जहां पूर्व में रही सरकारों ने 70 वर्षों में मात्र 67 हजार 468 लोगों को ही पेंशन दी। लेकिन मौजूदा प्रदेश सरकार ने अपने पौने पांच वर्षों के कार्यकाल में ही जिला में 55 हजार 481 नए मामले स्वीकृत कर लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी है।

 यह जानकारी शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश के जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने मंडी में दी। उन्होंने आयोजित जिला कल्याण समिति की बैठक की अध्यक्षता करने के उपरांत मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन में उम्र सीमा को घटाया, आय सीमा को समाप्त किया, जिससे प्रदेश में लाखों लोगों को इसका लाभ दिया जा रहा है। बीते 70 वर्षों की तुलना में मंडी जिला ने बेहतर कार्य किया है, इसके लिए उन्होंने अधिकारियों कर्मचारियों को बधाई भी दी।