भाजपा-कांग्रेस को बाहर करेंगे पंजाब के नतीजे, सुशांत ने कहा, हक के लिए प्रदर्शन को मजबूर हो रहे कर्मचारी

पंजाब में विधानसभा चुनावों के सामने आए नतीजे कांग्रेस और भाजपा के खात्मे की शुरुआत है। प्रदेश की विधानसभा में भाजपा और कांग्रेस के नेता मिल बैठकर अपनी सुख-सुविधाओं पर फोकस कर रहे हैं, जबकि प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को अपने हकों के लिए धरने-प्रदर्शन करने पड़ रहे हैं। ये शब्द बुधवार को ऊना पहुंचे हिमाचल रीजनल एलायंस के अध्यक्ष डा. राजन सुशांत ने भाजपा व कांग्रेस की सरकारों पर हमला बोलते हुए कहे। डा. सुशांत ने कहा कि पेंशन बंद होने के चलते कर्मचारियों को अपना भविष्य अंधकार में नजर आ रहा है। फिर भी प्रदेश के तमाम विधायक अपनी सुख-सुविधाओं को बढ़ाने में लगे हुए हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी के साथ हिमाचल रीजनल एलायंस के गठबंधन की संभावनाओं से इनकार नहीं किया है। राजन सुशांत ने कहा कि प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी 70 फीसदी टिकट युवाओं और महिलाओं को देगी। वहीं कर्मचारियों के लिए भी 10 फीसदी टिकट का कोटा रखा गया है।