Rohit Sharma: मैच के बाद ग्राउंड से किया रोहित शर्मा ने वाइफ रितिका को वीडियो कॉल, इस अंदाज में मनाया जीत का जश्न

DC vs MI 2023: इंडियन प्रीमियर लीग 2023 का 16वां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान में खेला गया। दोनों ही टीमों के बीच टक्कर का मैच देखने को मिला।

Rohit Sharma
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और दिग्गज सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा आईपीएल में काफी लंबे समय से बड़ी पारी खेलने में नाकाम हो रहे थे। उनको अर्धशतक लगाए एक जमाना हो गया था। लेकिन दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच बीते मंगलवार को खेले गए मैच में हिटमैन का बल्ला खूब बोला। दिल्ली के खिलाफ रोहित अपने विंटेज फॉर्म में नजर आए। उन्होंने जमकर चौकों-छक्कों की बारिश की। इसी के साथ रोहित ने 24 पारी बाद आईपीएल में फिफ्टी ठोकी।
इतना ही नहीं बल्कि रोहित ने 65 रन की गजब की पारी खेली, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से भी नवाजा गया। हिटमैन का बल्ला तो चला ही साथ ही दिल्ली के खिलाफ आईपीएल 2023 में मुंबई इंडियंस ने अपनी पहली जीत भी दर्ज की। एमआई ने कैपिटल्स को उनके घर में 6 विकेट से रौंदा। हालांकि मैच काफी रोमांचक रहा। लेकिन अंत में जीत मुंबई की ही हुई। तो ऐसे में देखा जाए तो कप्तान रोहित के लिए यह मैच गजब का रहा। वह बल्ले से कमाल कर पाए, टीम जीत गई, कप्तानी भी अच्छी रही। तो सब कुछ अच्छा होने के बाद दिन के अंत में इस मैच को रोहित ने अपने लिए और भी ज्यादा यादगार बनाया।

रोहित शर्मा मैच के बाद अपनी पत्नी रितिका सजदेह से वीडियो कॉल पर बातचीत करते हुए दिखाई दिए, जिसका वीडियो खुद मुंबई इंडियंस ने अपने आधिकारिक अकाउंट पर शेयर किया है। हिटमैन कॉल के दौरान काफी खुश लग रहे थे। उन्होंने अपने इस खास दिन को अपनी वाइफ के साथ वीडियो कॉल पर सेलिब्रेट किया, जिसका वीडियो अब सुर्खियों में है। इसके अलावा बात करें मैच की तो दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस के सामने पहले बल्लेबाजी करते हुए 173 रन का लक्ष्य रखा था जिसको मुंबई ने 6 विकेट रहते मैच की आखिरी गेंद पर हासिल कर लिया।