Russia Nuclear Weapons: बेलारूसी लड़ाकू विमानों को परमाणु मिसाइल से करेंगे लैस… रूस की धमकी से थर्राया यूरोप

रूस ने बेलारूस में परमाणु मिसाइल तैनात करने की धमकी दी है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि वह बेलारूसी एसयू-25 लड़ाकू विमानों पर परमाणु मिसाइल तैनात कर सकता है। रूस की इस धमकी से यूरोपीय देशों में डर का माहौल है। बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के करीबी माने जाते हैं।

मॉस्को: यूक्रेन में युद्ध के बीच रूस ने बेलारूसी लड़ाकू विमानों को परमाणु मिसाइलों से लैस करने की धमकी दी है। रूस के इस धमकी से यूरोपीय देशों में डर और गहरा गया है। बेलारूस एक गैर परमाणु देश है, ऐसे में उसके पास परमाणु हथियार आने से यूरोप का शक्ति संतुलन बिगड़ सकता है। एक दिन पहले ही बड़ी संख्या में रूसी सैनिकों और युद्धक साजो-सामान को ट्रेन के जरिए बेलारूस की ओर जाते देखा गया है। हालांकि, क्रेमलिन ने दावा किया है कि यह कार्रवाई एक रक्षात्मक ऑपरेशन का हिस्सा है। इसके बावजूद सैन्य जानकारों का मानना है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन रूस-यूक्रेन युद्ध में अब बेलारूस को शामिल करने की कोशिश कर रहे हैं। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि मार्च के बाद पहली बार सैनिकों को बेलारूस भेजने का निर्णय पड़ोसी देशों में निरंतर जारी सैन्य गतिविधियों को देखते हुे पहले से ही निर्धारित किया गया था।

क्रीमिया पुल पर विस्फोट से भड़का हुआ है रूस
बेलारूसी तानाशाह अलेक्जेंडर लुकाशेंको के अनुसार, बेलारूस और रूस ने क्रीमिया के केर्च ब्रिज पर विस्फोट के तुरंत बाद अपने सैनिकों की तैनाती बढ़ा दी थी। दोनों ही देशों की सेनाएं यूक्रेन की सीमा के नजदीक एक साथ देखी गई थीं। यह पुल रूसी कब्जे वाले क्रीमिया को रूस की मुख्य भूमि से जोड़ता है। अलेक्जेंडर लुकाशेंको ने इस हफ्ते के शुरुआत में ही ऐलान किया था कि वह रूस के साथ एक संयु्क्त सैन्य कार्य बल तैयार करेंगे। यह एक ऐसा कदम है, जो विशुद्ध रूप से रक्षात्मक होगा। बेलारूस की सीमा यूक्रेन की राजधानी कीव से मात्र 140 किलोमीटर की दूरी पर है। पुतिन ने फरवरी में बेलारूसी सीमा को यूक्रेन के खिलाफ आक्रमण के लिए लॉन्च पैड के रूप में इस्तेमाल किया था।

बेलारूस के पास परमाणु हथियार आना यूरोप के लिए खतरा
शनिवार को, रूस के विदेश मंत्रालय ने कहा कि वह बेलारूसी Su-25 लड़ाकू जेट को परमाणु मिसाइल ले जाने की क्षमता से लैस करेगा। लेकिन, अभी तक बेलारूस को परमाणु मिसाइलें नहीं सौंपी गई हैं। लगभग 50,000 की सेना वाला बेलारूस गैर परमाणु शक्ति संपन्न देश है। इस देश के पास वर्तमान में कोई भी परमाणु बम या परमाणु मिसाइल नहीं है। अगर बेलारूस को रूस से परमाणु हथियार मिल जाते हैं तो यह पूरे यूरोप के लिए खतरे की घंटी होगी। रूस और बेलारूस की खुफिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यूक्रेन अब बेलारूस पर आक्रमण करने की योजना बना रहा है।

पुतिन के कट्टर समर्थक हैं बेलारूसी राष्ट्रपति लुकाशेंको
लुकाशेंको को रूसी राष्ट्रपति पुतिन का कट्टर सहयोगी माना जाता है। उन्होंने यूक्रेन में जारी युद्ध में रूस का खुलकर समर्थन किया था। युद्ध की शुरुआत में बेलारूस ने रूस को अपने क्षेत्र से यूक्रेन पर आक्रमण करने की अनुमति दी थी। बेलारूस ने रूसी वायु सेना को अपने हवाई क्षेत्र से यूक्रेन में मिसाइल दागने की इजाजत भी दी है। हालांकि, बेलारूस ने अभी तक रूस की सहायता के लिए अपने सैनिकों की तैनाती नहीं की है। यूक्रेन पर आक्रमण रूस की तुलना में बेलारूस में बहुत कम लोकप्रिय है। लुकाशेंको के लिए घरेलू समर्थन भी कमजोर है। हालांकि, विश्लेषकों ने चेतावनी दी है कि अगर पुतिन ने लुकांशेको को युद्ध में शामिल होने का आदेश दिया, तो वह मानेंगे।