Saint Kanak Bihari Maharaj: सड़क हादसे में संत कनक बिहारी महाराज की मौत, राम मंदिर के लिए 111 करोड़ देने का लिया था संकल्प

Saint Kanak Bihari Maharaj News: यज्ञ सम्राट के नाम से मशहूर संत कनक बिहारी महाराज का निधन हो गया है। सड़क हादसे में उनके साथ शिष्य विश्राम रघुवंशी की मौत भी हो गई है। कनक बिहारी महाराज ने राम मंदिर के लिए 111 करोड़ रुपए दान देने का संकल्प लिया था।

saint kanak bihari maharaj
संत कनक बिहारी महाराज
छिंदवाड़ा: मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में सोमवार की सुबह हुए सड़क हादसे में संत कनक बिहारी महाराज (Saint Kanak Bihari Maharaj) और उनके शिष्य विश्राम रघुवंशी की मौत हो गई है। यह हादसा तब हुआ जब संत कनक बिहारी अशोकनगर से छिंदवाड़ा जा रहे थे। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सागर-नरसिंहपुर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 44 पर सोमवार की सुबह संत कनक बिहारी का वाहन ग्राम सगरी के पास डिवाइडर से टकरा गया। इस हादसे में संत और उनके शिष्य की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब किसी वाहन को बचाने का प्रयास किया गया।

बताया गया है कि संत कनक बिहारी ने राम मंदिर निर्माण के लिए 111 करोड़ रुपए एकत्रित कर दान में देने का संकल्प लिया था। साथ ही वे फरवरी 2024 में अयोध्या में श्री राम यज्ञ 9009 कुंडीय आयोजित करने वाले थे। संत कनक बिहारी का जन्म विदिशा में हुआ था और यहां उनका एक आश्रम है। इसके अलावा लोनी कलां छिंदवाड़ा में भी उनका आश्रम है

रघुवंशी समाज के लोग पहुंचे बरमान

इस दुखद खबर के बाद छिंदवाड़ा के रघुवंशी समाज के हजारों लोग करेली के लिए रवाना हो गए हैं। करेली के सबरी घाट के पास हुई इस घटना की खबर लगते ही छिंदवाड़ा जिले के रघुवंशी समाज में शोक की लहर दौड़ पड़ी। वहीं, लोनी कला के श्रीराम जानकी मंदिर में चल रहे धार्मिक आयोजन भी रोक दिए गए हैं।

2007 में नोनी ने कराया था 1008 कुंडीय श्रीराम महायज्ञ

दरअसल, महंत कनक बिहारी दास जी महाराज ने साल 2007 में 1008 कुंडीय श्रीराम महायज्ञ कराया था। इसके बाद वह यज्ञ सम्राट के रूप में लोकप्रिय हो गए थे। उनके निधन की खबर लगते ही रघुवंशी समाज में शोक की लहर है। अपने मृदुल स्वभाव और सहित सरल व्यवहार के कारण वह आमजन में भी काफी लोकप्रिय थे।

राम मंदिर को एक करोड़ की दान

कनक बिहारी दास महाराज ने अयोध्या में मंदिर श्री राम मंदिर निर्माण के लिए रघुवंशी समाज के सहयोग से एक करोड़ रुपए की राशि राम मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी चंपत राय को दी थी। फिलहाल विदिशा, गुना और छिंदवाड़ा में उनके लाखों शिष्य हैं जो शाम तक नोनिकला पहुंचने वाले हैं।

कमलनाथ ने शोक व्यक्त किया

संत कनक बिहारी के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि एक सड़क दुर्घटना में संत यज्ञ सम्राट कनक बिहारी महाराज का स्वर्गवास होने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। गुरु जी का देवलोक गमन उनके समस्त शिष्यों और भक्तों के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने आगे कहा, ईश्वर महाराज जी की आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और उनके भक्तों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।