सलमान के जीजा आयुष और बहन अर्पिता आएंगे अपने दादा पं सुखराम को अंतिम विदाई देने

आयुष आज देर रात तो अर्पिता कल सुबह पहुंचेगी मंडी

सलमान के जीजा आयुष और बहन अर्पिता आएंगे अपने दादा पं सुखराम को अंतिम विदाई देने

मंडी। सलमान खान के जीजा आयुष शर्मा और उनकी बहन अर्पिता खान शर्मा अपने दिवंगत दादा पंडित सुखराम को अंतिम विदाई देने मंडी आ रहे हैं। आयुष शर्मा आज देर रात तक मंडी पहुंच जाएंगे जबकि अर्पिता खान शर्मा का कल सुबह मंडी पहुंचने का कार्यक्रम है। इस बात की जानकारी अनिल शर्मा ने दी है। उन्होंने बताया कि आयुष शर्मा आज शाम मुंबई से चंडीगढ़ हवाई मार्ग से पहुंचेंगे और उसके बाद सड़क मार्ग से मंडी आएंगे। अर्पिता अपने बच्चों के साथ इस वक्त विदेश में है और देर रात तक उसका दिल्ली पहुंचने का कार्यक्रम है। कल सुबह हैलिकॉप्टर से अर्पिता मंडी पहुंचेगी और पंडित सुखराम को अंतिम विदाई देंगी।

वहीं सलमान खान के परिवार से किसी और सदस्य के अभी आने का कार्यक्रम नहीं है। ऐसा बताया जा रहा है कि परिवार के बाकी लोग शोक प्रकट करने के लिए बाद में मंडी आएंगे। बता दें कि दिवंगत पंडित सुखराम के छोटे पोते आयुष शर्मा फिल्म अभिनेता सलमान खान के बहनोई हैं। उनकी बहन अर्पिता खान की शादी आयुष शर्मा से हुई है। शादी के बाद जब अर्पिता पहली बार अपने ससुराल आई थी तो उस वक्त सलमान खान सहित परिवार के अन्य सदस्य भी यहां आए थे। उसके बाद से परिवार के सदस्य यहां नहीं आए। अब जब पंडित सुखराम का देहांत हो गया है तो परिवार के सदस्य शोक प्रकट करने के लिए मंडी आ सकते हैं।