नुक्कड़ सभाओं से प्रचार अभियान को गति दे रहे सतपाल सिंह सत्ती

नुक्कड़ सभाओं से प्रचार अभियान को गति दे रहे सतपाल सिंह सत्ती

दर्जनभर नुक्कड़ सभाएं कर अपने पक्ष में मांगे वोट, 
हिमाचल प्रदेश में भाजपा सरकार बनने का किया दावा।

ऊना : जिला ऊना के ऊना सदर विधानसभा क्षेत्र की सियासी जंग रोचक होती जा रही है। यहां से भाजपा के प्रत्याशी और वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने भी अपने चुनाव प्रचार अभियान को गति देना शुरू कर दिया है। मंगलवार को जोरदार शक्ति प्रदर्शन के साथ नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद वह लगातार नुक्कड़ सभाएं कर अपने पक्ष में मतदान का आह्वान लोगों से कर रहे हैं। वीरवार को वह विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत भटोली के मोरबड़ गांव में नुक्कड़ सभा करने पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में विधानसभा क्षेत्र में करीब 2036 करोड रुपए की विकास योजनाओं को मूर्त रूप दिया गया है। हालांकि आने वाले समय में विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए और भी बेहतर काम किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश में सत्ता में आ रही भाजपा सरकार में सदर विधानसभा क्षेत्र की भूमिका अहम होने वाली है। भाजपा प्रत्याशी सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि वह विकास के मुद्दे को लेकर चुनावी मैदान में उतरे हैं और विकास के दम पर ही जनता से वोट मांग रहे हैं।