जवाली मेंं सनसनी: पौंग झील में कारू के पास तैरती मिलीं दो लाशें, अभी तक नहीं हो पाई शिनाख्त

जवाली। पुलिस थाना जवाली के अधीन कारू नामक स्थान पर पौंग झील में दो तैरते हुए शव मिले हैं। जानकारी के अनुसार गुरुवार को कुछ लोगों ने पौंग झील के बीच कारू नामक स्थान पर दो शवों को तैरते हुए देखा तथा इसके बारे में पुलिस को सूचित किया।

जानकारी मिलते ही जवाली पुलिस, नगरोटा सूरियां पुलिस व फतेहपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा लोगों की मदद से दोनों शवों को पौंग झील से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूत्रों अनुसार शवों में एक की उम्र करीबन 40 साल प्रतीत रही है, जबकि दूसरा शव 10-11 वर्षीय बच्चे का लग रहा है।

अब यह शव किसके हैं तथा कहां से बह कर आए हैं, यह एक पहेली बनी हुई है। पुलिस तफ्तीश में जुटी हुई है तथा हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। एएसपी नूरपुर सुरिंदर शर्मा ने कहा कि पुलिस ने दोनों शवों को बाहर निकाल लिया है तथा केस दर्ज कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभी तक दोनों शवों की शिनाख्त नहीं हो पाई है।