Shubman Gill: शुभमन गिल को हमेशा से टेस्ट और वनडे का बेहतरीन बल्लेबाज माना जाता रहा है। टी20 के साथ ऐसा नहीं था लेकिन इस साल आईपीएल में वह अगल ही तरह की बल्लेबाजी कर रहे हैं। मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल 2023 में शतक लगाने के बाद गिल ने अपनी बल्लेबाजों को लेकर राज खोले हैं।

गिल ने खुद पर किया काम
शुभमन गिल इस आईपीएल में 156 की स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं। पिछले सीजन उनका स्ट्राइक रेट 132 तो उससे पहले 119 था। इस सीजन से पहले उनके नाम एक भी आईपीएल शतक नहीं था। फिर गिल के प्रदर्शन में ऐसा बदलाव कैसे आया। मैच ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने के बाद 23 साल गिल ने कहा, ‘पिछले वेस्टइंडीज दौरे से मुझे लगता है कि मैंने गियर बदलना शुरू किया। मैं पिछले आईपीएल से पहले चोटिल हो गया था लेकिन मैं अपने खेल पर काम करता रहा। मैंने कुछ एरिया पर काम किया है और टी20 वर्ल्ड कप के बाद न्यूजीलैंड सीरीज से पहले तकनीकी बदलाव किए हैं।’
5 सीजन में मारे थे 47 छक्के
शुभमन गिल ने आईपीएल 2018 में डेब्यू किया था। 2018 से 2022 के बीच गिल के बल्ले से कुल 47 छक्के निकले थे। इस सीजन ही उन्होंने 33 मार दिए हैं। एक सीजन में इससे पहले उन्होंने सबसे ज्यादा 12 छक्के 2021 में केकेआर के लिए लगाए थे। मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में ही गिल ने 10 छक्के मार दिए।