#Sirmour : आधी रात को दो गरीब परिवारों के मकान पर गिरा पेड़, परिवार बेघर…पशुओं की मौत

संगड़ाह, 26 सितंबर :  उपमंडल के अंतर्गत पड़ने वाली दूरदराज पंचायत सांगना के गवानल गांव में दो मकानों पर अचानक पेड़ गिर गया। जिस कारण मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। वही हादसे में पशुओं के मौत की भी खबर सामने आई है। हालांकि गनीमत यह रही कि इस दौरान कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।

       जानकारी के मुताबिक गांव के तोतारम पुत्र रामभज  व महेंद्र सिंह पुत्र सहीराम  के मकान पर आधी रात को एक पेड़ गिर गया। दोनों परिवार पेड़ गिरने से पहले ही घर से बाहर निकल गए थे। हादसे में पशुओं की मौके पर ही मौत हो गई है। वहीं मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। तोताराम व महेंद्र सिंह का परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है। फिलहाल उन्हें गांव के ही लोगों ने एक अन्य घर में पनाह दी हुई है।

पेड़ गिरने से मकान क्षतिग्रस्त

तोताराम व महेंद्र सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें तुरंत ही फौरी राहत प्रदान की जाए। वही पंचायत प्रधान सहित स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर पशुओं को मलबे के नीचे से बाहर निकाल लिया है। उन्होंने प्रशासन को भी इसकी सूचना दी है ताकि जल्द से जल्द नुकसान का आकलन कर परिवार को फौरी राहत दी जाए। दोनों गरीब परिवार बेघर हो गए है।  बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों में लगभग 15 लोग रहते है। सरसरी तौर पर हादसे में लाखों का नुकसान हुआ है।

       आपको बता दें कि प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है। देर रात हुई बारिश से प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में तबाही हुई है। हालांकि सोमवार सुबह मौसम खुल गया है व धूप खिली हुई है।