किन्नौर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी, सेब फ्लोरिंग पर असर

जनजातीय जिला किन्नौर में पिछले तीन दिनों से रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। सोमवार देर रात जिला के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के कारण ठंड में भारी इजाफा हुआ है। पर्यटन स्थल छितकुल, असरंग, नेसंग, हांगो, चूलिंग, नाको, चांगो, कुन्नू-चरंग व रोपा आदि क्षेत्रों को बर्फ की सफेद चादर ने घेरा हुआ है।

बारिश व बर्फबारी के कारण मई के महीने में भी शीत हवाएं चलने से ठंड में इजाफा हो रहा है। छितकुल, आसरंग, रोपा आदि क्षेत्रों में 6 इंच के करीब बर्फबारी दर्ज की गई है। कई क्षेत्रों में फूलों से लदे सेब के पेड़ बर्फ से ढक गए है।

बता दें कि इन दिनों जिला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सेब फ्लोरिंग यौवन पर है। सेब के फूलों पर बर्फ पड़ने से सेब सेटिंग पर प्रतिकूल प्रभाव का खतरा है। वर्ष 2021 में भी अप्रैल महीने में जिला में बर्फबारी हुई थी, जिससे सेब पर खासा असर देखने को मिला था।